नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अहम बताया। बुधवार को उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और भविष्य में यह सहयोग नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
राजदूत की यह टिप्पणी अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के प्रस्तावित भारत दौरे से पहले आई है।
गोर ने रुबियो को अपना “अच्छा दोस्त” बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वह रुबियो के भारत आगमन का इंतजार कर रहे हैं और दोनों देश मिलकर ऐसे साझेदारी को और मजबूत करेंगे, जिससे न केवल दोनों देशों बल्कि पूरी दुनिया को लाभ होगा।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत और अमेरिका के बीच कूटनीतिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग और पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की गई थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया था कि दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति की समीक्षा की और “कॉम्प्रिहेंसिव ग्लोबल स्ट्रेटेजिक पाटर्नरशिप ” को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
उन्होंने यह भी कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला और सुरक्षित बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए एक अहम मार्ग है।
इससे पहले, गोर ने विदेश सचिव विक्रम मिस्री का व्हाइट हाउस में स्वागत किया था, जहां उनकी मुलाकात मार्को रुबियो से हुई। इस दौरान व्यापार, महत्वपूर्ण खनिज, रक्षा सहयोग और क्वाड जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा, उन्नत तकनीक और रक्षा क्षेत्रों में बढ़ता सहयोग दोनों देशों के बीच गहराते रणनीतिक संबंधों को दर्शाता है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो मई 2026 में भारत की महत्वपूर्ण यात्रा पर आने वाले हैं। यह दौरा व्यापार, रक्षा, क्वाड गठबंधन और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर केंद्रित होगा। वाशिंगटन में भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री के साथ हुई सार्थक बैठक के बाद इस यात्रा की पुष्टि की गई है।
गोर ने बुधवार को ही दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर तरणजीत सिंह संधू से भी मिले। इस मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उनसे मिलकर खुशी हुई। आपसी हितों के अलग-अलग क्षेत्रों पर अच्छी बातचीत हुई। आने वाले महीनों में अमेरिका के कई गवर्नर दिल्ली आएंगे, और यह दौरा काफी अहम होगा।
–आईएएनएस
केआर/
