नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 20वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस सीजन में मिली तीसरी हार के बाद एमआई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने ड्रेसिंग रूम में टीम का मनोबल बढ़ाया।
मुंबई इंडियंस द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर शेयर किए गए वीडियो में हार्दिक ने कहा कि किसी भी मुकाबले में हम जीत दर्ज कर सकते हैं या फिर उस मैच में मिली हार से सीख सकते हैं। हारने जैसी कोई चीज नहीं होती है।
उन्होंने कहा, “महेला जयवर्धने ने जो कहा उसे देखते हुए मुझे लगता है कि हमारे पास दो विकल्प हैं। पहला यह है कि हम सभी अपने कमरों में चले जाएं और सोचने की कोशिश करें कि गलती कहां पर हुई। मुझे पता है कि यह मुश्किल है, हारना हमेशा मुश्किल होता है, लेकिन हमें अपनी गलतियों से सीख लेनी होगी। एक मुकाबले को जीतना होता है या फिर उससे सीखना होता है। हारना कभी विकल्प नहीं होता।”
रविवार को वानखेड़े के मैदान पर खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ मुंबई इंडियंस का गेंदबाजी अटैक पूरी तरह से बेबस नजर आया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 240 रन लगाए। टीम की ओर से फिल साल्ट ने 36 गेंदों में 78 रनों की दमदार पारी खेली, तो विराट कोहली और रजत पाटीदार ने भी अर्धशतक लगाया। कोहली ने 50 रन बनाए, जबकि रजत ने 53 रनों का योगदान दिया। अंत के ओवरों में टिम डेविड ने सिर्फ 16 गेंदों में 34 रनों की नाबाद पारी खेली।
आरसीबी से मिले 241 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 222 रन ही बना सकी। रोहित शर्मा 13 गेंदों में 19 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए, जबकि रयान रिकेल्टन ने 22 गेंदों में 37 रन बनाए। तिलक वर्मा महज एक रन बनाकर पवेलियन लौटे, तो सूर्यकुमार यादव ने 33 रन बनाए। कप्तान हार्दिक पांड्या ने 22 गेंदों में 40 रन बनाए, लेकिन बढ़ते जरूरी रन रेट के कारण वह तेजी से रन बटोरने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। अंत के ओवरों में शेरफेन रदरफोर्ड ने सिर्फ 31 गेंदों में 9 छक्के लगाते हुए 71 रनों की नाबाद पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। मुंबई इंडियंस अब अगले मुकाबले में गुरुवार को पंजाब किंग्स से भिड़ेगी।
–आईएएनएस
एसएम/एएस
