'अल्फा' बनकर सिल्वर स्क्रीन पर छाएंगी आलिया भट्ट, रिलीज डेट पर लगी मुहर


मुंबई, 9 मार्च (आईएएनएस)। आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की बहुप्रतीक्षित एक्शन-स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर फैंस काफी उत्साहित थे। मेकर्स ने उनकी उत्सुकता को थोड़ी सी हवा देते हुए सोमवार को फिल्म की रिलीज डेट घोषित कर दी।

अभिनेत्री आलिया भट्ट ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर शेयर किया। इसमें आलिया के घायल लुक की झलक दिख रही है, जिसमें सिर्फ उनकी आंख और चेहरा दिख रहा है।

ब्लैक और मेटैलिक गोल्ड टोन वाले स्लीक, डार्क और मिस्टीरियस डिजाइन में, पोस्टर पर ग्रीक लेटर में ‘ए’ लिखा है। वहीं, टाइटल के नीचे, अभिनेता अनिल कपूर और बॉबी देओल के नाम भी लिखे हुए हैं। अभिनेत्री ने लिखा, “अल्फा 10 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मिलते हैं सिनेमाघर में।”

शिव रवैल द्वारा निर्देशित फिल्म को यशराज फिल्म्स निर्माण कर रहा है। यह यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म होगी। ऐसा पहली बार होगा जब स्पाई यूनिवर्स में एक महिला प्रधान कहानी को दिखाया जाएगा। आलिया भट्ट और शरवरी वाघ इसमें मुख्य भूमिकाओं में हैं। दोनों खतरनाक मिशनों पर निकलती हैं और हाई-वोल्टेज एक्शन से भरपूर कहानी दिखाई जाएगी। फिल्म में आलिया और शरवरी के अलावा, अनिल कपूर और बॉबी देओल भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।

इस यूनिवर्स की शुरुआत सलमान खान और कैटरीना कैफ की ‘टाइगर’ से हुई थी। यह सुपरहिट साबित हुई थी।

हालांकि, पहले फिल्म ‘अल्फा’ क्रिसमस 2025 पर रिलीज होने वाली थी, लेकिन वीएफएक्स पर ज्यादा काम की वजह से इसे 17 अप्रैल 2026 तक शिफ्ट कर दिया गया था। यशराज फिल्म्स ने जानकारी देते हुए बताया था कि दर्शकों को फिल्म का सबसे बेहतरीन विजुअल रूप दिखाने के लिए अतिरिक्त समय चाहिए। अब फिल्म की रिलीज डेट जारी कर दी गई है और फैंस में भी इसे लेकर काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है। देखना होगा कि फैंस इसे कितना प्यार देते हैं।

इसके अलावा, आलिया संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में भी नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ रणबीर कपूर और विक्की कौशल जैसे दिग्गज कलाकार हैं।

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Related Articles

Latest News