Sunday, February 22, 2026

यूपी के सभी विधायक 11 फरवरी को अयोध्या में श्रीरामलला के करेंगे दर्शन


लखनऊ, 6 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के सभी सदस्य 11 फरवरी को अयोध्‍या में भगवान राम के दर्शन करेंगे। विधायक बस से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। इसकी जानकारी यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने मंगलवार को दी। उन्होंने कहा कि वह खुद भी बस से ही जाएंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 11 फरवरी को सभी सदस्य अयोध्‍या धाम चलने के लिए आमंत्रित हैं। सुबह 8 बजे विधानसभा परिसर में सभी सदस्य आ जाएंगे और हम सभी लोग एक साथ जाएंगे।

उन्‍होंने कहा कि हमने बसों की व्‍यवस्‍था की है। मैं भी बस पर चलूंगा। यह बात मैंने इसलिए कह दी है ताकि कोई दूसरा सदस्य यह न पूछे कि हम अपनी गाड़ी से चल सकते हैं कि नहीं।

महाना ने सदन में अयोध्या दर्शन कार्यक्रम की जानकारी देते बताया कि अयोध्‍या धाम में 11.30 बजे पहुंचकर पहले हनुमानगढ़ी का दर्शन करेंगे। उसके बाद 12.30 से 2 बजे तक रामलला के दर्शन करेंगे। 2 से 3 बजे तक दोपहर भोजन की व्‍यवस्‍था वहां की गयी है और फिर वहां से 3.15 बजे बस से ही सभी सदस्य लखनऊ वापस आएंगे।

गौरतलब है कि अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने जाने से इनकार कर दिया था। लेकिन, राज्य यूनिट के नेताओं ने अयोध्या जाकर सरयू स्नान किया और रामलला के दर्शन किए।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी अयोध्या जाने की बात कही थी। लेकिन, वह 11 फरवरी को जाएंगे यह स्पष्ट नहीं है।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम


Related Articles

Latest News