लखनऊ, 21 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भारत मंडपम में इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर कहा कि एआई समिट में हमारे बच्चों की जितनी प्रशंसा की जाए कम है। उन्होंने काबिलेतारीफ विरोध प्रदर्शन किया।
यूपी कांग्रेस चीफ अजय राय ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं को भाजपा के लोगों द्वारा पीटा गया। गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने जो रोबोटिक डॉग प्रदर्शित किया, वह चीन का था। इससे पूरे देश के साथ हमारे वैज्ञानिकों का अपमान हुआ। सरकार ने यूनिवर्सिटी के खिलाफ क्या एक्शन लिया? हमारी यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया है और मैं उन्हें सलाम करता हूं। भाजपा को सिर्फ मुद्दा बनाना है।उनके पास दूसरा कोई काम नहीं है। सरकार रोजगार दे नहीं सकती। महंगाई और रोजगार पर बात नहीं करेगी। भाजपा के दिन जाने वाले हैं।
भिवंडी कोर्ट जाने के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को काले झंडे दिखाए जाने पर अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी को जान का खतरा है। उन्हें धमकी दी जा रही है। तत्काल रूप से उन्हें एसपीजी सुरक्षा दी जाए। यह मेरी मांग है।
प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर भाजपा नेताओं के बयान पर अजय राय ने कहा कि प्रियंका गांधी हमारी बहुत ही धार्मिक नेता हैं। उन्होंने मां कामाख्या के दर्शन किए। भाजपा के लोगों को समझाने की जरूरत नहीं है। वह सभी का सम्मान करती है। उनका अपना धार्मिक दृष्टिकोण और सोच है।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। राहुल गांधी भारत में एक निडर नेता हैं। चाहे उन्हें धमकाया जाए, डराया जाए या साजिशों का शिकार बनाया जाए, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। यही राहुल गांधी हैं।
उन्होंने कहा कि इस एआई समिट में चीन में बनी सारी चीजें ज्यादा दिखाई जा रही हैं। अगर आप एआई समिट के अंदर जाएंगे, तो आपको पता चलेगा कि इससे किसको फायदा हो रहा है। जितनी भी कंपनियां आई हैं, उनमें से ज्यादातर अमेरिका और चीन की हैं। जब हम अपने देश में आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं, तो केंद्र सरकार उन लोगों का सामान बेचने के लिए इतनी उतावली क्यों है? और वे यह दिखाना चाहते हैं कि हमारे देश की समस्या सिर्फ एआई है। एआई नहीं, हमारे देश की समस्या बेरोजगारी भी है। बेरोजगारी भी है, शिक्षा भी है। यहां उस पर कोई चर्चा नहीं हो रही है।
–आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
