मुंबई, 30 जुलाई (आईएएनएस)। सिंगर-सॉन्गराइटर आदित्य रिखारी ने अपने बर्थडे के मौके पर फैंस को एक खास गिफ्ट दिया। दरअसल, उनका नया रोमांटिक ट्रैक ‘बूहे बारियां’ गुरुवार को रिलीज हो गया है। यह गाना उनके दिल के बेहद करीब है। आदित्य का मानना है कि इस गाने में वो एहसास है, जो हर किसी ने कभी न कभी महसूस किया होगा।
आदित्य ने गाने के बारे में बात करते हुए कहा कि ‘बूहे बारियां’ एक अलग ही दुनिया में ले जाता है। ये एक ऐसी फीलिंग है, जिसे शब्दों में बताना मुश्किल है।
आदित्य ने कहा, ”नया गाना ‘बूहे बारियां’ उस एहसास के बारे में है, जब आपकी जिंदगी में कोई ऐसा इंसान आता है, जो आपके जीने का नजरिया बदल देता है। पहले जो चीजें आपको बिल्कुल आम लगती थीं, वो अचानक से बहुत खास लगने लगती हैं। जैसे खिड़की से आती हवा, बारिश की बूंदें, चाय की चुस्कियां, या बस किसी के साथ चुपचाप बैठना। जब मैं इस गाने को लिख और कंपोज कर रहा था, तो मैं खुद इस सोच में था कि प्यार वाकई में हमारी रोजमर्रा की जिंदगी को कितना खूबसूरत बना देता है। इसी जुड़ाव की वजह से ये गाना मेरे दिल के सबसे करीब है।”
आदित्य ने बताया कि इस गाने को बनाना एक बहुत प्यारा अनुभव था। इस प्रोजेक्ट में उन्हें दो बहुत टैलेंटेड लोगों का साथ मिला, म्यूजिक कंपोजर रोचक कोहली और एक्ट्रेस रोशनी वालिया।
उन्होंने कहा, ”रोचक के साथ काम करना हमेशा एक सीखने जैसा होता है। इस गाने में भी उन्होंने अपनी पूरी आत्मा डाल दी है। उनका म्यूजिक सीधे दिल में उतर जाता है। उन्होंने इस ट्रैक को बहुत सॉफ्ट और इमोशनल रखा है। वीडियो में रोशनी के होने से पूरी कहानी में जान आ गई। रोशनी में एक नेचुरल एनर्जी है। वो कैमरे के सामने बहुत रियल लगती हैं। उनके साथ शूट करते समय लगा ही नहीं कि हम काम कर रहे हैं। सबसे खास बात ये है कि ये गाना गुरुवार को मेरे जन्मदिन पर रिलीज हुआ है। अपने जन्मदिन के दिन अपने दिल के इतने करीब वाले गाने को दुनिया के सामने लाना मेरे लिए बहुत इमोशनल पल है। मैं बस यही चाहता हूं कि ये गाना आप सबके दिल तक पहुंचे।”
आदित्य ने कहा, ”मेरी ख्वाहिश है कि ‘बूहे बारियां’ लोगों की प्लेलिस्ट में जगह बना ले। जब कोई रात को देर से ड्राइव पर निकले तो ये गाना उसके साथ हो। जब कोई किसी से प्यार करे या किसी को याद कर रहा हो तो ये गाना बैकग्राउंड में बजे। जिंदगी में जो छोटे-छोटे पल होते हैं, जो हमें खुशी देते हैं, मुझे उम्मीद है कि ये गाना उन पलों का साथी बनेगा।”
‘बूहे बारियां’ को म्यूजिक इंडस्ट्री की सबसे बड़ी कंपनी टी-सीरीज और भूषण कुमार ने प्रेजेंट किया है। गाने के बोल मशहूर गीतकार कुमार ने लिखे हैं। इसमें आदित्य के साथ टीवी और फिल्मों की जानी-मानी एक्ट्रेस रोशनी वालिया नजर आ रही हैं। रोशनी और आदित्य की केमिस्ट्री वीडियो में बेहद प्यारी लग रही है।
‘बूहे बारियां’ सभी बड़े म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स जैसे स्पॉटिफाई, जियोसावन और एप्पल म्यूजिक पर उपलब्ध है। इसका ऑफिशियल म्यूजिक वीडियो टी-सीरीज के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है।
–आईएएनएस
पीके/एबीएम
