Sunday, February 15, 2026

अभिनेत्री श्रीलीला ने मां को बताया अपना 'फुल टाइम एंटरटेनमेंट' और सपोर्ट सिस्टम


मुंबई, 4 फरवरी (आईएएनएस)। साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री श्रीलीला बुधवार को अपनी मां का जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर उन्होंने खास अंदाज में अपनी मां को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर मां के साथ कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें वह और उनकी मां साथ में मुस्कुराते नजर आ रही हैं। ये तस्वीरें मां-बेटी के गहरे रिश्ते और प्यार को साफ दिखाती हैं। अभिनेत्री ने पोस्ट के साथ लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो, अम्मा। आप 24 घंटे मनोरंजन करती रहती हैं और साल के 365 दिन मुझे इमोशनली स्ट्रॉन्ग करती रहती हैं।”

अभिनेत्री श्रीलीला ने आगे लिखा कि जैसे-जैसे वे दोनों रोज जिंदगी में आगे बढ़ती जा रही हैं, वो समझ रही हैं कि सच्चा और निस्वार्थ प्यार क्या होता है। श्रीलीला ने लिखा, “मुझे वो सब बहुत अच्छा लगता है जो हम साथ में शेयर करते हैं। आप मुझे हिम्मत और साहस सिखाती हैं, और मैं आपको थोड़ा हंसी-मजाक के साथ मुश्किल वक्त संभालना सिखाती हूं।”

अभिनेत्री ने इमोनशनल पोस्ट में लिखा, “मैं ऊपरवाले से प्रार्थना करती हूं कि आप हमेशा मेरी अम्मा बनी रहें, चाहे मैं कितनी भी जिंदगियां क्यों न जी लूं। मुझे इस दुनिया में लाने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।”

श्रीलीला का यह पोस्ट प्रशंसकों को काफी पसंद आ रहा है। वे कमेंट सेक्शन पर प्रतिक्रिया देने के साथ उनकी मां को जन्मदिन की बधाई भी दे रहे हैं।

अभिनेत्री जल्द ही साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण की ‘उस्ताद भगत सिंह’ में मुख्य भूमिका निभाती दिखेंगी। इस फिल्म में आशुतोष राणा, प्रथिबन, केएस रविकुमार, रामकी, नवाब शाह, बीएस अविनाश, गौतमी, नागा महेश और टेम्पर वामसी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।

‘उस्ताद भगत सिंह’ का निर्देशन हरीश शंकर कर रहे हैं, वहीं नवीन यरनेनी और वाई. रविशंकर इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं। यह 2016 की तमिल फिल्म ‘थेरी’ का रीमेक है। इसके साथ ही, वे बॉलीवुड में कार्तिक आर्यन के साथ ‘आशिकी 3’ से डेब्यू करने को तैयार हैं। हालांकि, फिल्म को लेकर जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

–आईएएनएस

एनएस/डीकेपी


Related Articles

Latest News