Tuesday, February 24, 2026

अभिनेता रणवीर शौरी ने उड़ान में 10 घंटे की देरी के लिए इंडिगो की आलोचना की


नई दिल्ली, 15 जनवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर शौरी ने सोमवार को सोशल मीडिया पर 10 घंटे से अधिक की उड़ान देरी के बाद इंडिगो एयरलाइंस पर अपनी हताशा और निराशा जताई।

शौरी ने रविवार को दिल्ली से निर्धारित उड़ान (दोपहर 2 बजे) के प्रस्थान में देरी से संबधित घटनाओं को एक्स’ पर साझा किया।

शौरी और उनके आठ सहयात्रियों के समूह ने दो घंटे पहले चेक इन किया था, लेकिन अंतिम क्षण में उन्हें सूचित किया गया कि खराब मौसम, विशेष रूप से कोहरे के कारण उड़ान में तीन घंटे की देरी हुई थी।

उन्‍होंने लिखा, “हमारी उड़ान दोपहर 2 बजे के लिए निर्धारित थी। हम सभी 8 लोगों ने निर्धारित समय से 2 घंटे पहले चेक इन किया और तभी हमें सूचित किया गया कि खराब मौसम (कोहरे) के कारण उड़ान में 3 घंटे देरी की देरी है। हवाईअड्डे पर पहुंचने से पहले हमें सूचित नहीं किया गया था। फिर भी हमने शिकायत नहीं की, यह सोचकर कि संचार में कोई समस्या रही होगी और हम जानते थे कि ठंड के मौसम में कभी-कभी ऐसी चीजें होती हैं।”

मौसम संबंधी चुनौतियों को समझने के बावजूद शौरी और उनके साथी लगातार चिंतित हो गए, क्योंकि उड़ान के प्रस्थान समय को लगातार पीछे धकेला जा रहा था।

अभिनेता ने खुलासा किया कि तीन घंटे से अधिक समय तक चेक-इन करने के बाद उन्हें बताया गया कि उड़ान, जिसे शुरू में शाम 5 बजे के लिए पुनर्निर्धारित किया गया था, अब रात 8 बजे प्रस्थान करेगी।

पोस्ट में लिखा है, “उड़ान शाम 5 बजे के लिए निर्धारित थी… हवाईअड्डे पर चेक-इन करने के 3 घंटे से अधिक समय तक बाद हमें बताया गया कि उड़ान अब 3 घंटे बाद रात 8 बजे प्रस्थान करेगी! यह हमें गड़बड़ लग रहा था।”

“मेरे एक मित्र ने हमारे विमान की रूटिंग जांचने के लिए इंडिगो वेबसाइट देखी। इसमें स्पष्ट रूप से कहा गया था कि जिस विमान को हमें लेकर उड़ान भरनी थी, वह कोलकाता से आ रहा था, जिसमें कोहरे की कोई समस्या नहीं थी और वह पहले ही बेंगलुरु पहुंच चुका था। जब हमने इस जानकारी के बारे में इंडिगो स्टाफ से बात की, तो उन्होंने बस इतना कहा कि वेबसाइट ठीक से अपडेट नहीं की गई है और हमें अपनी ‘व्यक्तिगत गारंटी’ दी कि विमान लगभग 8 बजे उड़ान भरेगा।”

जैसे-जैसे समय बढ़ता गया, उड़ान का समय कई बार समायोजित किया गया, जिससे शौरी को परेशानी हुई।

अभिनेता ने स्पष्ट और सटीक जानकारी देन में एयरलाइन कर्मचारियों की कोताही से नाराज थे। अन्‍य यात्रियों में भी घबराहट और निराशा थी।

ब्रेकिंग पॉइंट तब आया, जब रात 8 बजे उन्हें सूचित किया गया कि फ्लाइट 10 बजे के बाद रवाना होगी।

शौरी को पहले एक स्टाफ सदस्य ने आश्‍वासन दिया था कि विमान रात 8 बजे उड़ान भरेगा, मगर देरी बढ1ते जाने का कारण पूछने पर पता चला कि पायलट के अभाव में देरी हुई।

अभिनेता ने एयरलाइन पर लगातार झूठ बोलने और धोखे में रखने का आरोप लगाया।

आख़िरकार, विमान ने शुरू में निर्धारित प्रस्थान समय से 10 घंटे बाद – लगभग आधी रात को उड़ान भरी।

शौरी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के अंत में इस लंबी देरी के दौरान हुई असुविधा के लिए इंडिगो के खिलाफ शिकायत दर्ज करने के अपने इरादे की घोषणा की।

इंडिगो एयरलाइंस ने अभी तक पोस्ट पर प्रतिक्रिया नहीं दी है।

–आईएएनएस

एसजीके


Related Articles

Latest News