मुंबई, 11 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेता अपारशक्ति खुराना जल्द ही इमरान हाशमी की आगामी फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ में निगेटिव रोल में नजर आएंगे। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर फैंस के लिए फिल्म के सेट से पर्दे के पीछे (बीटीएस) की कुछ दिलचस्प झलकियां साझा की हैं।
अपारशक्ति की ओर से जबरदस्त एक्शन सीन की कई तस्वीरें और क्लिप शेयर की गईं। साथ ही उन्होंने एक रफ विलेन के लुक में अपनी तस्वीरें और सेट की एक झलक भी दिखाई। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “विलेन की तरह चिल कर रहा हूं!”
‘आशिक बनाया आपने’ के डायरेक्टर आदित्य दत्त ही इस फिल्म को भी डायरेक्ट कर रहे हैं। ‘आशिक बनाया’ फिल्म से ही हिमेश रेशमिया को पहचान मिली थी। आदित्य दत्त ‘क्रैक’, ‘टेबल नंबर 21’, और ‘कमांडो’ फ़्रैंचाइजी के लिए जाने जाते हैं।
इस फ़िल्म को दीपक मुकुट और हुनर मुकुट ने सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट बैनर के तहत प्रोड्यूस किया है, और इसमें जेनेलिया डिसूजा, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक सिंह भी हैं। इस फिल्म में इमरान हाशमी एक ऐसे एक्शन अवतार में नजर आएंगे जो पहले कभी नहीं देखा गया; इसमें शानदार विजुअल्स और इमोशनल कहानी होगी जो दर्शकों को पसंद आएगी।
अपारशक्ति को आखिरी बार सौरभ शुक्ला की ओर से निर्देशित रोमांटिक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘जब खुली किताब’ में देखा गया था। यह फिल्म शुक्ला के ही इसी नाम के स्टेज प्ले पर आधारित है। फिल्म में पंकज कपूर और डिंपल कपाड़िया एक बुजुर्ग जोड़े के रोल में हैं, जो शादी के 50 साल बाद तलाक लेने का फैसला करते हैं।
इसके बाद वह नवजोत गुलाटी की डायरेक्ट की गई कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘बदतमीज गिल’ में नजर आएंगे। इसमें वाणी कपूर, अपारशक्ति खुराना, परेश रावल, शीबा चड्ढा, रिचर्ड भक्ति क्लेन और मोनिका चौधरी हैं।
आमिर खान की “दंगल” से एक्टिंग की शुरुआत करने के बाद, अपारशक्ति (जो एक्टर आयुष्मान खुराना के छोटे भाई हैं) ने “बद्रीनाथ की दुल्हनिया”, “स्त्री”, “लुका छुपी” और “पति पत्नी और वो” जैसे कई अहम प्रोजेक्ट्स में काम किया।
अप्रैल में, फिल्ममेकर-कोरियोग्राफर और मशहूर यूट्यूबर फराह खान ने एक्टर अपारशक्ति खुराना के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद किया। उन्होंने अपारशक्ति से उस वक्त मुलाकात की थी, जब वे रेडियो जॉकी के तौर पर काम कर रहे थे। पुरानी यादें ताजा करते हुए फराह ने बताया कि वह ‘दंगल’ एक्टर से शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म “ओम शांति ओम” के प्रमोशन के दौरान मिली थीं।
–आईएएनएस
एसडी/एएस
