अभिनेता अमित सियाल ने संघर्षों से बनाई पहचान, ओटीटी पर छोड़ी अमिट छाप


मुंबई, 30 जून (आईएएनएस)। हिंदी फिल्मों और वेब सीरीज का जाना माना चेहरा अभिनेता अमित सियाल बुधवार को अपना 51वां जन्मदिन मनाएंगे। उनका जन्म 1 जुलाई 1975 को उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में हुआ था। अमित सियाल ने ओटीटी से लेकर फिल्मों में बेहतरीन अदाकारी की और निगेटिव किरदारों में उन्होंने अलग छाप छोड़ी है।

अमित सियाल के पिता की कानपुर में जूते की दुकान थी और मां लाइब्रेरियन थीं। इससे साफ है कि उनके घर में पहले से अभिनय की दुनिया में कोई नहीं था। माता-पिता चाहते थे कि वे अच्छे से पढ़ाई करके नौकरी करें लेकिन उनके दिमाग में कुछ और ही चल रहा था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शीलिंग हाउस स्कूल, कानपुर से पूरी की। आगे चलकर, उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स से बी.कॉम. (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की।

शिक्षा को और मजबूत बनाने के लिए वे ऑस्ट्रेलिया चले गए, जहां स्विनबर्न यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी से इंटरनेशनल बिजनेस में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया। ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई करने के साथ ही वे काम भी करने लगे। उनको बर्तन धोने का काम मिला, जहां उनको खाना और 35 डॉलर मिलते थे। इसके अलावा उन्होंने टैक्सी भी चलाई और सेल्समैन का काम भी किया।

ऑस्ट्रेलिया में ही उनकी मुलाकात अभिनेता रणदीप हुड्डा से हुई। उस समय रणदीप हुड्डा ऑस्ट्रेलिया में टैक्सी चलाने के साथ ही मॉडलिंग भी करते थे। उन्होंने ही अमित सियाल को अभिनय के लिए प्रेरित किया। इसके बाद वे दिल्ली आए और अपने सपनों को पूरा करने के लिए मुंबई पहुंचे।

अमित सियाल ने कई फिल्मों और वेब सीरीज में काम किया। उन्होंने ‘लव सेक्स और धोखा’, ‘फंस गए रे ओबामा’, ‘रेड’ और ‘गुड्डू रंगीला’ जैसी फिल्मों में काम किया। साथ ही उन्होंने ‘जामताड़ा’, ‘इनसाइड एज’, ‘मिर्जापुर’, ‘रंगबाज’, ‘महारानी’ से लेकर ‘इंस्पेक्टर अविनाश’ जैसी बेहतरीन वेब सीरीज में अभिनय किया।

–आईएएनएस

एसडी/पीएम


Related Articles

Latest News