एक्शन-ड्रामा फिल्म 'किसान' की रिलीज को 17 साल पूरे, जैकी श्रॉफ ने साझा की यादें


मुंबई, 20 मार्च (आईएएनएस)। मशहूर अभिनेता जैकी श्रॉफ की एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘किसान’ ने शुक्रवार को अपनी रिलीज के 17 साल पूरे कर लिए हैं। यह फिल्म गांव के जीवन, पारिवारिक संघर्ष और खेती पर केंद्रित थी, जिसमें अभिनेता एक साधारण किसान के किरदार में नजर आए थे।

अभिनेता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिए 17 साल पूरे होने का जश्न मनाया है। अभिनेता ने स्टोरीज सेक्शन पर फिल्म की क्लिप शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, “फिल्म ‘किसान’ के 17 साल पूरे।”

पुनीत सिरा द्वारा निर्देशित इस फिल्म में जैकी के साथ सोहेल खान, अरबाज खान, दीया मिर्जा और नौहीद सिरुसी जैसे स्टार्स अहम भूमिका में नजर आए थे। फिल्म के जरिए निर्देशक ने किसानों की उन पीड़ा को दिखाया था, जो आम इंसान को पता ही नहीं होता है। यह फिल्म ग्रामीण इलाकों में जमीन के जबरन अधिग्रहण और किसानों के सामने आने वाली चुनौतियों को उठाती है।

इस एक्शन-ड्रामा फिल्म में जैकी श्रॉफ ने दयाल सिंह नामक किरदार निभाया था, जो अपने बेटों अमन (अरबाज खान) और जिगर (सोहेल खान) को अलग-अलग रास्तों (एक खेती और दूसरा कानून की पढ़ाई) पर भेजता है। जब एक बड़ा व्यवसायी उनकी जमीन लेने आता है, तो उनके बीच संघर्ष होता है।

फिल्म की कहानी एक ऐसे पिता (जैकी श्रॉफ) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने एक बेटे को पढ़ा-लिखाकर शहर भेजता है और दूसरे को खेती में लगाता है, लेकिन जमीन हड़पने वाले बिल्डरों के कारण परिवार में दरार और संघर्ष पैदा हो जाता है।

इस फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी और व्यावसायिक तौर पर असफल रही थी लेकिन फिल्म की कहानी और किरदारों को सरहाना मिली थी।

अभिनेता जैकी श्रॉफ हाल ही में फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा’ में नजर आए थे। हालांकि, फिल्म को दर्शकों की तरफ से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। समीर विद्वान्स द्वारा निर्देशित फिल्म में कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे मुख्य भूमिका में थे, तो नीना गुप्ता और जैकी श्रॉफ ने भी अहम किरदार निभाया था।

–आईएएनएस

एनएस/पीएम


Related Articles

Latest News