मुंबई, 2 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा के महान गायक किशोर कुमार के गाने आज की पीढ़ी के बीच भी काफी लोकप्रिय है। हाल ही में उनके बेटे सुमित कुमार ने अपने पिता से जुड़ी कुछ यादें साझा कीं। दरअसल, सुमित कुमार टीवी शो ‘इंडियन आइडल’ में बतौर स्पेशल गेस्ट शामिल हुए थे। इस दौरान वह एक कंटेस्टेंट की परफॉर्मेंस को देख इमोशनल हो गए।
सुमित कुमार ने कहा, ”मेरा बचपन संगीत और स्टेज शोज के बीच बीता है। मैंने अपने पिता किशोर कुमार को अक्सर स्टेज पर परफॉर्म करते हुए देखा। खासकर गाने ‘ईना मीना डीका’ और ‘एक चतुर नार’ मेरे लिए सिर्फ गाने नहीं थे, बल्कि बचपन की यादों का हिस्सा थे। जब भी ये गाने स्टेज पर बजते थे, तो पूरा माहौल मनोरंजन और हंसी से भर जाता था।”
उन्होंने बताया, ”जब कंटेस्टेंट मनराज ने परफॉर्म किया, तो मैं तुरंत अपने बचपन की यादों में पहुंच गया। इस परफॉर्मेंस ने मुझे पुराने दिन याद दिला दिए, जब मैं अपने पिता और परिवार को स्टेज पर देखता था। उस समय स्टेज पर संगीत के साथ एक अलग तरह की जुगलबंदी और मजेदार माहौल होता था, जिसे दर्शक भी बहुत पसंद करते थे।”
सुमित कुमार ने गाने ‘एक चतुर नार’ का जिक्र किया। उन्होंने बताया, ”इस गाने की परफॉर्मेंस के दौरान कई बार ऐसा होता था कि स्टेज पर मजाकिया अंदाज में स्थिति बदल जाती थी और पूरा माहौल हंसी से भर जाता था। बचपन में मैं यह सब देखकर हैरान भी होता था और खुश भी। मुझे यह सब इतना अच्छा लगता था कि कई बार मैं खुद भी मंच पर जाकर इस मजेदार माहौल का हिस्सा बन जाता था।”
उन्होंने गाने ‘ईना मीना डीका’ के बारे में भी बताया, ‘यह गाना मेरे पिता किशोर कुमार के हर लाइव शो का अहम हिस्सा हुआ करता था। चाहे कोई भी कार्यक्रम हो। यह गाना जरूर गाया जाता था और दर्शक इसे बहुत पसंद करते थे।”
किशोर कुमार को भारतीय सिनेमा के सबसे महान गायकों में गिना जाता है। उन्होंने अपने लंबे करियर में हजारों गाने गाए और कई भारतीय भाषाओं में अपनी आवाज दी। उनके मशहूर गीत जैसे ‘रूप तेरा मस्ताना’, ‘मेरे सपनों की रानी’, ‘ओ मेरे दिल के चैन’, ‘ये शाम मस्तानी’ और ‘जिंदगी एक सफर है सुहाना’ आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं।
–आईएएनएस
पीके/वीसी
