Sunday, February 22, 2026

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने मंत्री पर महाभियोग चलाने के पक्ष में किया मतदान


वाशिंगटन, 14 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने अमेरिका-मेक्सिको सीमा को अवैध आव्रजन से सुरक्षित करने में कथित विफलता के लिए होमलैंड सुरक्षा सचिव एलेजांद्रो मयोरकास पर महाभियोग चलाने के पक्ष में मतदान किया है।

मयोरकास लगभग 150 वर्षों में महाभियोग का सामना करने वाले पहले कैबिनेट मंत्री हैं।

पिछले सप्ताह एक बार यह प्रयास विफल हो गया था। रिपब्लिकन बहुमत वाले सदन ने मंगलवार को महाभियोग चलाने के पक्ष में 214 मत दिये जबकि विपक्ष में 213 वोट पड़े।

यह मुद्दा अब डेमोक्रेटिक बहुमत वाली सीनेट के पास है, जहां इसके विफल होने की संभावना है।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति जो बाइडेन ने वोट को “असंवैधानिक पक्षपात का घोर कृत्य” और “राजनीतिक स्टंट” कहा।

वोटिंग मुख्यत: पार्टी लाइन पर हुई जिसमें 210 डेमोक्रेट्स ने महाभियोग के खिलाफ मतदान किया था, साथ ही तीन रिपब्लिकन प्रतिनिधियों – कैलिफोर्निया के टॉम मैक्लिंटॉक, कोलोराडो के केन बक और विस्कॉन्सिन के माइक गैलाघर – ने भी प्रस्ताव का विरोध किया।

ब्रिटिश समाचार प्रसारक की रिपोर्ट के अनुसार, तीनों ने मेयरकास पर महाभियोग चलाने के पहले प्रयास के खिलाफ भी मतदान किया। उनका कहना है कि मंत्री ने कोई गंभीर अपराध नहीं किया है। उस पर महाभियोग चलाने से संवैधानिक दंड कमजोर हो जाएगा और सीमा पर संकट का समाधान करने में कोई मदद नहीं मिलेगी।

–आईएएनएस

एकेजे/


Related Articles

Latest News