Sunday, February 22, 2026

दिल्ली में ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत


नई दिल्ली, 8 फरवरी (आईएएनएस)| दक्षिणी दिल्ली के महरौली इलाके में गुरुवार को एक ट्रक की चपेट में आने से 60 वर्षीय एक साइकिल चालक की मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान महादेवा के रूप में की गई, जो उत्तर प्रदेश के अमेठी का रहने वाला था और राष्ट्रीय राजधानी के राजपुर खुर्द इलाके में रहता था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कहा कि गुरुवार सुबह 6:31 बजे महरौली पुलिस स्टेशन में एक ट्रक द्वारा एक साइकिल सवार को टक्कर मारने के संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष कॉल प्राप्त हुई, इसके बाद एक पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा,” वाई-प्वाइंट, छतरपुर मेें एक व्यक्ति खून से लथपथ मृत पड़ा हुआ था और उसकी क्षतिग्रस्त साइकिल भी वहीं पड़ी थी।”

शव को अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने कहा, “महादेवा फूल मंडी (फूल बाजार), छतरपुर से फूल लेता था और उसे आसपास के घरों और फार्म हाउसों में पहुंचाता था।”

अधिकारी ने आगे कहा कि सीसीटीवी फुटेज प्राप्त किया जा रहा है और हमलावर वाहन और चालक का पता लगाने के लिए और प्रयास किए जा रहे हैं।

–आईएएनएस

सीबीटी/


Related Articles

Latest News