Tuesday, February 24, 2026

बिजनौर के साहूवाला वन रेंज में मिला नर हाथी का शव


बिजनौर, 25 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में बुधवार को बढ़ापुर इलाके के साहूवाला वन रेंज में नर हाथी का मृत अवस्था में शव मिला।

वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वन विभाग की एक टीम बुधवार को गश्त पर थी। गश्त के दौरान बढ़ापुर इलाके के साहूवाला वन रेंज के कराली बीट की कक्ष संख्या 11 में एक गड्ढे में टीम को एक नर हाथी मृत अवस्था मे पाया गया।

साहूवाला वन रेंज क्षेत्रीय वन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ध्यानी ने गुरुवार को कहा कि वयस्क नर हाथी का शव मिला है। इसकी उम्र लगभग 10 से 12 साल के बीच बताई गई है।

उन्होंने कहा, हाथी के सभी अंग सुरक्षित हैं। शव देखने पर लगभग एक दिन पुराना लग रहा है। प्रथम दृष्टया हाथी के गड्ढे में गिरने से उसकी गर्दन के ऊपर शरीर का भार पड़ने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि इसका कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा।

पशु चिकित्सकों की एक टीम को मौत के सही कारण की जांच करने के लिए कहा गया है। बाद में पूरे विधि विधान के साथ हाथी के शव को दफनाया जाएगा।

–आईएएनएस

विमल/एसकेपी


Related Articles

Latest News