Tuesday, February 24, 2026

मप्र से कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ता अयोध्या जाएंगे : जीतू पटवारी


शिवपुरी, 12 जनवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भले ही अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण को ठुकरा दिया हो, मगर मध्य प्रदेश से लाखों कांग्रेस कार्यकर्ता राम मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अयोध्या जाएंगे।

मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि मध्य प्रदेश से लाखों कार्यकर्ता राम मंदिर दर्शन के लिए जाएंगे। लेकिन, यह कांग्रेस कार्यकर्ता और मैं स्वयं तब जाऊंगा, जब राम मंदिर पूर्ण बनकर तैयार हो जाएगा और प्राण प्रतिष्ठा पूरी हो जाएगी।

जीतू पटवारी से पत्रकारों ने चर्चा के दौरान पूछा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा में जाने से इनकार कर दिया है। इस पर उन्होंने कहा कि भगवान राम हमारी आस्था के केंद्र हैं। भारत व राम एक हैं। विश्वास अंतरात्मा की बात है। सौ प्रतिशत कांग्रेस परिवार, जो राम को मानते हैं, वह दर्शन के लिए जाएंगे। लेकिन, तब जाएंगे जब मंदिर पूर्ण बनकर तैयार हो जाएगा और प्राण प्रतिष्ठा पूर्ण हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि जो राम मंदिर पर राजनीति कर रहे हैं, उनको राजनीति सभी लोगों को आर्थिक आधार पर समानता लाने के लिए करनी चाहिए। देश का आर्थिक पिछड़ापन दूर करना चाहिए। लेकिन, राजनीति इस पर नहीं हो रही है। एक महीने से ज्यादा मप्र में नई सरकार को बने हो गया है और अब भाजपा की नई सरकार को मध्य प्रदेश में चुनाव से पहले जो घोषणाएं उनके द्वारा की गई उन्हें पूरा करना चाहिए। बहनों को 3,000 रुपए हर महीने, गेहूं 2,700 रुपए और धान 2,500 रुपए में खरीदा जाना चाहिए। इसके अलावा वर्तमान में महंगाई के इस दौर में 450 रुपए में सिलेंडर देने की बात कही गई थी, उस वचन पत्र को भाजपा को पूरा करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हम विपक्ष में रहते हुए सकारात्मक भूमिका निभाएंगे और प्रदेश के विकास के लिए काम करेंगे। राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ मध्य प्रदेश में 20 फरवरी के आसपास आएगी। यात्रा उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश आएगी और गुना के रास्ते आगे जाएगी।

–आईएएनएस

एसएनपी/एबीएम


Related Articles

Latest News