Wednesday, February 25, 2026

गाजा में हमास के खिलाफ युद्ध में चार और इजरायली सैनिकों की मौत, 180 पहुंचा आंकड़ा


तेल अवीव, 9 जनवरी (आईएएनएस)। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने मंगलवार को गाजा में हमास के खिलाफ युद्ध में चार और सैनिकों की मौत की घोषणा की। इसी के साथ युद्ध में मरने वाले सैनिकों की संख्या 180 हो गई।

आईडीएफ ने कहा कि योहोशुआ, डेविड श्वार्ट्ज और याकिर हेक्सटर दक्षिणी गाजा में लड़ाई के दौरान मारे गए थे, जबकि, गव्रियल ब्लूम मध्य गाजा में मारे गए।

सेना ने आगे कहा कि लड़ाई में जिसमें श्वार्ट्ज और हेक्सटर को मार दिया गया था, वह कॉम्बैट इंजीनियरिंग कॉर्प की 8219 वीं बटालियन से थे। इसी बटालियन का एक और सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया था।

एक अधिकारी और 36वें डिवीजन के दो अन्य रिजर्व लड़ाकू इंजीनियर भी लड़ाई में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके अतिरिक्त, मध्य गाजा में 646वें रिजर्व पैराट्रूपर्स ब्रिगेड के दो अधिकारी भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

आईडीएफ ने हमास के खिलाफ लड़ाई जारी रखी है। सैनिकों ने गाजा में 27 अक्टूबर 2023 से जमीनी आक्रामण तेज कर दिया है। आईडीएफ ने लगभग पूरे गाजा पर नियंत्रण कर लिया है।

इस बीच, मध्य और दक्षिणी गाजा पट्टी दोनों में युद्ध जारी है। ज्ञात हो कि हमास ने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हमला कर दिया था। इस हमले में इजरायल के 1,200 से अधिक लोग मारे गए थे। इसके बाद इजरायल की जवाबी कार्रवाई में कम से कम 23,084 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई है।

–आईएएनएस

एफजेड/एबीएम


Related Articles

Latest News