Wednesday, February 25, 2026

नीतीश कुमार को इंडिया गठबंधन का संयोजक बनाने पर अखिलेश ने कहा, 'उनमें सारी योग्यता'


पटना, 3 जनवरी (आईएएनएस)। इंडिया गठबंधन में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संयोजक बनाए जाने की चर्चा बुधवार को दिनभर होती रही। हालांकि, इस मुद्दे पर बिहार कांग्रेस का भी साथ नीतीश कुमार को मिला है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार में सारी योग्यता है। पटना में आयोजित एक प्रेस वार्ता में सिंह ने कहा कि इसमें कोई सवाल नहीं खड़ा किया जा सकता कि विपक्ष को साथ लाने का काम नीतीश कुमार ने शुरू किया था। उनकी राजनीतिक समझ, उनकी परिपक्वता के बारे में कोई भी सवाल खड़ा नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने संयोजक बनाने के सवाल पर कहा कि अगर सभी पार्टियां चाहती हैं तो कांग्रेस कहां पीछे है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को प्रधानमंत्री उम्मीदवार बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह तय कहां हुआ है। पहले तो हमलोग भाजपा को हराएंगे। उसके बाद हमलोग बहुमत साबित करेंगे, फिर प्रधानमंत्री का भी चुनाव हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज देश में अघोषित आपातकाल है। जब से मोदी सरकार सत्ता में आयी है एक के बाद एक लोकतंत्र के सभी स्तंभ पर हमला बोल रही है। यह हर विरोधी स्वर को, हर आलोचना को कुचलने के प्रयास में लगी है। मीडिया के खिलाफ अजीब भय का वातावरण पैदा किया जा चुका है। मीडिया से जुड़े लोगों और खासकर पत्रकारों को निशाना बनाया जा रहा है। झारखंड के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार के घर पर ईडी का छापा पड़ा। कांग्रेस ये सब बर्दाश्त नहीं कर सकती।

–आईएएनएस

एमएनपी/एबीएम


Related Articles

Latest News