निशिकांत दुबे ने कांग्रेस सांसद परनीत कौर के प्रति जताई कृतज्ञता


नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के मामले में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ शिकायत करने वाले भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एथिक्स कमेटी की बैठक में साथ देने के लिए कांग्रेस सांसद परनीत कौर के प्रति कृतज्ञता जताते हुए कहा है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस की सांसद परनीत कौर ने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए कोई समझौता नहीं किया है और भारत पंजाब के जांबाजों का कृतज्ञ था, है और रहेगा।

एथिक्स कमेटी की बैठक में महुआ मोइत्रा के खिलाफ रिपोर्ट एडॉप्ट होने के बाद कांग्रेस सांसद का आभार जताते हुए निशिकांत दुबे ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “पंजाब हमेशा भारत की अस्मिता व राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खड़ा रहा है, आज फिर से कैप्टन अमरिंदर सिंह व कांग्रेस पार्टी की सांसद परनीत कौर ने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए कोई समझौता नहीं किया। भारत पंजाब के जांबाजों का कृतज्ञ था, है और रहेगा।”

आपको बता दें कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पत्नी एवं कांग्रेस सांसद परनीत कौर सहित 6 सांसदों ने गुरुवार को एथिक्स कमेटी की बैठक में टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की संसद सदस्यता रद्द करने की सिफारिश करने वाली रिपोर्ट को समर्थन देकर स्वीकार कर लिया।

कांग्रेस सांसद परनीत कौर के अलावा बैठक में मौजूद भाजपा सांसद विनोद सोनकर (चेयरमैन), अपराजिता सारंगी, सुमेधानंद सरस्वती और राजदीप रॉय ने भी रिपोर्ट का समर्थन किया। शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के हेमंत गोडसे ने भी प्रस्ताव के पक्ष में वोट किया। वहीं, चार सांसदों-कांग्रेस के वैथिलिंगम वे, बसपा के दानिश अली, सीपीएम के पी आर नटराजन और जेडीयू के सांसद गिरधारी यादव ने रिपोर्ट का विरोध किया। बताया जा रहा है कि चारों सांसदों ने अपना डिसेंट नोट (असहमति का नोट ) भी सबमिट किया है।

–आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम


Related Articles

Latest News