1 नवंबर 1956 … कार्तिक अमावस की रात। उसी रात मध्यप्रदेश राज्य का गठन हुआ था। सूबे के पहले मुख्यमंत्री के तौर पर पंडित रविशंकर शुक्ल ने रात में ही शपथ ली थी। तभी किसी ने उन्हें याद दिलाया कि ‘आज तो अमावस की रात है।’
1 नवंबर यानी जिस दिन मध्यप्रदेश का जन्म हुआ, उसी दिन 80 वर्षीय रविशंकर शुक्ल पुराने मध्यप्रदेश की राजधानी नागपुर से जीटी एक्सप्रेस में सवार होकर भोपाल पहुंचे थे। रास्ते में कई जगह उनका अभिनंदन किया गया। इटारसी रेलवे स्टेशन पर धूमधाम से स्वागत हुआ। भोपाल रेलवे स्टेशन पर पहुंचे तो जुलूस निकालते हुए उनको ले जाया गया।
