मॉन्ट्रियल, 10 अगस्त (आईएएनएस)। बेन शेल्टन ने ‘नेशनल बैंक ओपन’ के चौथे दौर के कड़े मुकाबले में ब्राजीलियन खिलाड़ी जोआओ फोंसेका को 6-3, 7-6(3) से मात दी। इसी के साथ मौजूदा चैंपियन ने क्वार्टर फाइनल में जगह सुनिश्चित कर ली है।
एटीपी रैंकिंग में पांचवीं वरीयता प्राप्त और 10वें नंबर के अमेरिकी खिलाड़ी को तेज हवाओं के बीच संघर्ष करना पड़ा, जो दोनों सेटों की शुरुआत में पिछड़ गए थे। हालांकि, शेल्टन ने हर बार वापसी की और इस हफ्ते मॉन्ट्रियल में अपनी अजेय लय बनाए रखते हुए सीजन की अपनी 30वीं जीत हासिल की।
पहले सेट में दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे की सर्विस तोड़ी (ब्रेक किया), लेकिन फिर शेल्टन ने 4-3 के स्कोर पर निर्णायक बढ़त बना ली। एक शानदार फोरहैंड विनर की मदद से उन्हें एक और ब्रेक मिला और इसके बाद उन्होंने अपनी सर्विस पर सेट जीत लिया।
फोंसेका ने मॉन्ट्रियल में पहले ही पूर्व वर्ल्ड नंबर 3 स्टेफानोस सितसिपास और नौवीं वरीयता प्राप्त कैस्पर रूड को मात दी थी, उन्होंने दूसरे सेट की शुरुआत में जबरदस्त वापसी करते हुए 3-0 की बढ़त बनाई। ब्रेक-प्वाइंट के मौके पर एक ओवरहेड शॉट का पीछा करते हुए उनके दाहिने टखने में चोट लग गई, जिससे उनकी लय थोड़ी देर के लिए टूट गई।
शेल्टन ने इसका फायदा उठाया, ब्रेक की भरपाई की और स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। फोंसेका ने संघर्ष जारी रखा और 5-5 के स्कोर पर एक ब्रेक प्वाइंट बचाया, लेकिन अमेरिकी खिलाड़ी ने सबसे अहम मौकों पर अपना सर्वश्रेष्ठ टेनिस खेला और टाई-ब्रेक में दबदबा बनाते हुए मुकाबला एक घंटे और 48 मिनट में अपने नाम किया।
शेल्टन की आक्रामक शैली उनकी सफलता का मुख्य कारण रही। उन्होंने अपने फर्स्ट-सर्व प्वाइंट का 78 प्रतिशत जीता और नेट पर 18 में से 14 प्वाइंट्स हासिल किए, जो आगे बढ़कर खेलने और प्रतिद्वंद्वी को सोचने का कम समय देने की उनकी इच्छा को दर्शाता है।
इस नतीजे के साथ ही शेल्टन की फोन्सेका पर लेक्सस एटीपी ‘हेड-टू-हेड’ सीरीज में बढ़त 2-0 हो गई है। इससे पहले इस सीजन में म्यूनिख में भी अमेरिकी खिलाड़ी ने इस युवा खिलाड़ी को हराया था। फोन्सेका कैनेडियन मास्टर्स 1000 इवेंट में पहली बार क्वार्टर-फाइनल में पहुंचने की कोशिश कर रहे थे।
शेल्टन इस सीजन में डलास, म्यूनिख और स्टटगार्ट में खिताब जीत चुके हैं। वह मॉन्ट्रियल ड्रॉ में बचे एकमात्र टॉप-10 खिलाड़ी हैं और सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अब चेक गणराज्य के जैकब मेन्सिक का सामना करेंगे।
13वीं वरीयता प्राप्त मेन्सिक ने बोटिक वैन डी जैंड्सचुल्प को 6-4, 7-5 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। 20 वर्षीय खिलाड़ी ने मुश्किल दूसरे सेट से वापसी की। एक समय वे 4-5 के स्कोर पर सेट हारने से सिर्फ तीन अंक दूर थे, लेकिन फिर लगातार तीन गेम जीतकर एक घंटे 29 मिनट में जीत हासिल की।
क्वार्टरफाइनल में दो पूर्व मास्टर्स 1000 चैंपियन आमने-सामने होंगे; शेल्टन और मेन्सिक अब मॉन्ट्रियल ड्रॉ में बचे एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने पहले इस स्तर पर जीत हासिल की है।
–आईएएनएस
आरएसजी
