भारत बनाम श्रीलंका: टेस्ट में सर्वाधिक कैच लेने वाले 5 खिलाड़ी, टॉप पर पूर्व भारतीय कप्तान का नाम


नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। वॉर्मअप मैच में शानदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम श्रीलंका से दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भिड़ने के लिए तैयार है। पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से खेला जाना है। आइए आपको उन पांच खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जिन्होंने भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक कैच पकड़े हैं।

मोहम्मद अजहरुद्दीन: भारत के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए टेस्ट मुकाबलों में सर्वाधिक कैच लेने वाले खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने अपने करियर में श्रीलंका के खिलाफ खेले 17 मैचों में कुल 27 कैच पकड़े हैं। वह भारत की ओर से श्रीलंका के खिलाफ बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ कप्तान के तौर पर टीम इंडिया की 8 मुकाबलों में अगुवाई की।

अजिंक्य रहाणे: हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान करने वाले अजिंक्य रहाणे श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैचों में सर्वाधिक कैच लेने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे नंबर पर काबिज हैं। उन्होंने अपने करियर में श्रीलंका के खिलाफ खेले 9 टेस्ट मुकाबलों में कुल 23 कैच पकड़े हैं। रहाणे का टेस्ट में श्रीलंका के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा। उन्होंने इस टीम के खिलाफ खेले 9 टेस्ट मैचों में 424 रन बनाए।

महेला जयवर्धने: पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने श्रीलंका की ओर से भारत के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में भारत के खिलाफ खेले 18 मुकाबलों में 22 कैच पकड़े हैं। जयवर्धने का रिकॉर्ड बल्लेबाजी में भी भारत के खिलाफ शानदार रहा और उन्होंने कुल 18 मुकाबलों में 67 की औसत से खेलते हुए 1822 रन बनाए।

राहुल द्रविड़: टीम इंडिया की दीवार कहे जाने वाले राहुल द्रविड़ भारत और श्रीलंका टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक कैच लेने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में चौथे नंबर पर काबिज हैं। द्रविड़ ने अपने टेस्ट करियर में श्रीलंका के खिलाफ खेलते हुए 20 मुकाबलों में कुल 16 कैच पकड़े। बैटिंग में भी राहुल का रिकॉर्ड श्रीलंका की सरजमीं पर कमाल का रहा।

हसन तिलकरत्ने: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ियों की सूची में पांचवें नंबर पर हसन तिलकरत्ने मौजूद हैं। हसन ने अपने करियर में खेले कुल 14 मुकाबलों में 15 कैच पकड़े हैं। भारत के पूर्व स्पिन गेंदबाज अनिल कुंबले इस लिस्ट में 13 कैच के साथ छठे नंबर पर हैं, जबकि केएल राहुल 12 कैच के साथ सातवें नंबर पर काबिज हैं।

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Related Articles

Latest News