अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पीएम मोदी से फोन पर की बात, रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर हुई चर्चा


नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शनिवार को अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का फोन आया। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के विभिन्न उपायों पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस को उनके पुत्र के जन्म पर बधाई भी दी और पूरे परिवार के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का फोन प्राप्त हुआ। हमने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में और मजबूती प्राप्त करने के तरीकों पर चर्चा की। मैंने उन्हें और सेकेंड लेडी को पुत्र के जन्म पर हार्दिक बधाई दी और पूरे परिवार के लिए शुभकामनाएं दीं।”

प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने उच्चस्तरीय संवाद की लगातार बनी हुई गति पर संतोष व्यक्त किया और व्यापार, रक्षा, महत्वपूर्ण एवं उभरती प्रौद्योगिकियों, ऊर्जा सुरक्षा तथा महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया, जो दोनों देशों के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।

इससे पहले जुलाई 2026 में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने प्रमुख रक्षा समझौतों पर काम तेज करने और अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने पर सहमति जताई थी। अमेरिका ने कहा था कि यह व्यापार समझौता लगभग पूरा हो चुका है, जिससे दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई गति मिलने के संकेत मिले थे।

दोनों नेताओं की मुलाकात फिलीपींस की राजधानी मनीला में आसियान विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान हुई थी। इस दौरान उन्होंने मध्य पूर्व और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिति की भी समीक्षा की थी।

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट के अनुसार, मार्को रुबियो और एस. जयशंकर ने रक्षा सहयोग में हुई प्रगति पर भी चर्चा की थी। दोनों पक्षों ने पिछले वर्ष राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुए समझौतों के अनुरूप महत्वपूर्ण रक्षा समझौतों को अंतिम रूप देने की दिशा में जारी प्रयासों की समीक्षा की थी।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Related Articles

Latest News