कैनेडियन ओपन: फोनसेका ने कटाया अंतिम-16 का टिकट, कैस्पर रूड को दी शिकस्त


मॉन्ट्रियल, 8 अगस्त (आईएएनएस)। ब्राजील के जोआओ फोनसेका ने कैनेडियन ओपन में कैस्पर रूड के खिलाफ धीमी शुरुआत के बाद समय रहते वापसी करते हुए मुकाबले को 7-6(6), 6-3 से अपने नाम किया। ​​इस जीत के साथ ही वह एटीपी मास्टर्स 1000 इवेंट में तीसरी बार अंतिम 16 में पहुंच गए हैं।

एटीपी टूर वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, ब्राजील का यह खिलाड़ी अब चौथे राउंड में 19 साल के राफेल जोडर के साथ शामिल हो गए हैं। 2018 में डेनिस शापोवालोव और स्टेफानोस सितसिपास के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब दो किशोर खिलाड़ी इस इवेंट के अंतिम 16 में पहुंचे हैं।

फोनसेका का अगला मुकाबला पांचवीं वरीयता प्राप्त और मौजूदा चैंपियन बेन शेल्टन से होगा। यह म्यूनिख क्वार्टर फाइनल का रीमैच होगा, जिसे इस सीजन की शुरुआत में अमेरिकी खिलाड़ी ने जीता था। यह दो किशोर खिलाड़ी के बीच एक दिलचस्प मुकाबला होगा; इनमें से किसी ने भी इस हफ्ते अपनी दो जीतों में एक भी सेट नहीं गंवाया है। एटीपी रिपोर्ट के अनुसार, अपने शुरुआती तीन सर्विस गेम में सात ब्रेक प्वाइंट देने के बाद, फोनसेका ने सेंटर कोर्ट पर एक ब्रेक गंवा दिया और 2-4 से पिछड़ गए। हालांकि, 19 साल के इस खिलाड़ी ने सही समय पर अपनी रणनीति बदली। उन्होंने तुरंत ब्रेक वापस लिया और अपने जबरदस्त बेसलाइन गेम से दबदबा बनाना शुरू किया।

एटीपी ने फोनसेका के हवाले से कहा, “ये ऐसे मैच हैं जिन पर आपको सबसे ज्यादा गर्व होता है, क्योंकि आप समस्या को हल करने का तरीका ढूंढ लेते हैं।” शुरुआती संघर्षों के बाद फोनसेका ने आक्रामक दूसरे सर्व को पहले सर्व की तरह इस्तेमाल करना शुरू किया। पहले सेट के टाई-ब्रेक में 3/5 से पिछड़ने के बाद एक शानदार इनसाइड-आउट फोरहैंड विनर ने उनकी वापसी की शुरुआत की और फोनसेका ने अपने दूसरे सेट प्वाइंट पर पहला सेट जीत लिया।

दूसरे सेट में शानदार खेल दिखाते हुए फोनसेका ने 2-0 की बढ़त के लिए ब्रेक हासिल किया। इस गेम में फोनसेका की तरफ से कई बेहतरीन शॉट देखने को मिले, जिसमें एक बैकहैंड ओवरहेड विनर और दो बैकहैंड ग्राउंडस्ट्रोक विनर शामिल थे। दूसरे सेट में उन्हें किसी ब्रेक प्वाइंट का सामना नहीं करना पड़ा।

फोनसेका ने एटीपी रैंकिंग में पूर्व नंबर 2 खिलाड़ी रूड के खिलाफ अपनी लेक्सस एटीपी हेड-टू-हेड सीरीज में रिकॉर्ड 2-0 कर लिया है। उनकी पहली जीत दो महीने पहले रोलैंड गैरोस (फ्रेंच ओपन) में आई थी, जिसके दम पर ब्राजील का यह खिलाड़ी पहली बार ग्रैंड स्लैम के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने में सफल रहा था।

शेल्टन ने बेल्जियम के जिजू बर्ग्ज को 6-3, 6-2 से हराकर चौथे राउंड में जगह बनाई। अर्जेंटीना के थियागो ऑगस्टिन टिरंटे ने भी ऑस्ट्रेलियाई क्वालिफायर एलेक्सी पोपिरिन को 6-3, 6-4 से हराकर चौथे राउंड में प्रवेश किया। चेकिया के जैकब मेन्सेक भी आगे बढ़े, जिन्होंने राउंड ऑफ 32 के एक अन्य मैच में नीदरलैंड्स के टेरेंस एटमेन को 7-5, 6-4 से हराया।

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Related Articles

Latest News