दक्षिण कोरिया में भीषण गर्मी का कहर चरम पर, सप्ताहांत से मिल सकती है आंशिक राहत


सोल, 6 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया में जारी रिकॉर्डतोड़ गर्मी शुक्रवार को अपने चरम पर पहुंचने के बाद सप्ताहांत से कुछ हद तक कम हो सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले सप्ताह भी तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

दक्षिण कोरिया के मौसम विभाग के अनुसार, कोरियाई प्रायद्वीप पर उत्तर प्रशांत उच्च दबाव और तिब्बती उच्च दबाव प्रणाली के संयुक्त प्रभाव के कारण देश भीषण गर्मी की चपेट में है। यह स्थिति शुक्रवार तक बनी रहेगी, जिसके बाद दोनों दबाव प्रणालियों का प्रभाव कमजोर पड़ने से ऊपरी वायुमंडल में बादल बढ़ेंगे और सूर्य की तीव्र किरणों में कुछ कमी आएगी।

मौसम विभाग ने सप्ताहांत में पूर्वी तटीय इलाकों और जेजू द्वीप पर भारी बारिश की संभावना भी जताई है, जिससे कुछ क्षेत्रों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

शुक्रवार को देशभर में न्यूनतम तापमान 22 से 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। राजधानी सियोल में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

शनिवार को अधिकतम तापमान 27 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इसके बावजूद तापमान 1991-2020 की 30 वर्षीय औसत सीमा से ऊपर रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से शुरू होने वाले सप्ताह में भी उत्तर प्रशांत उच्च दबाव प्रणाली के प्रभाव से उमस भरी गर्मी बनी रहेगी। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान 28 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि महसूस होने वाला तापमान कई स्थानों पर 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

इस बीच, स्वास्थ्य अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इस वर्ष अब तक दक्षिण कोरिया में गर्मी से जुड़ी बीमारियों के कारण 21 लोगों की मौत हो चुकी है।

कोरिया रोग नियंत्रण एवं रोकथाम एजेंसी के अनुसार, मई के मध्य से शुरू की गई हीट इलनेस निगरानी प्रणाली के तहत मंगलवार तक 2,441 लोग गर्मी से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं के कारण आपातकालीन कक्षों में पहुंचे।

हालांकि पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में इस बार गर्मी से बीमार होने वालों की संख्या कम रही है, लेकिन मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है, जो पिछले वर्ष के कुल 20 मौतों के आंकड़े को भी पार कर चुकी है।

हाल की मौतों में एक 60 वर्षीय किसान भी शामिल है, जिसकी मंगलवार को उत्तर चुंगचियोंग प्रांत के एउमसियोंग काउंटी में खेत में काम करते समय लू लगने से मौत हो गई।

स्वास्थ्य एजेंसी के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष दर्ज मामलों में 61.7 प्रतिशत मरीज हीट एग्जॉशन (अत्यधिक गर्मी से थकावट) के शिकार हुए, जबकि 16.8 प्रतिशत को हीट स्ट्रोक और 11.5 प्रतिशत को हीट क्रैम्प्स की शिकायत हुई।

–आईएएनएस

केआर/


Related Articles

Latest News