वैभव सूर्यवंशी को लेकर बटलर की बड़ी भविष्यवाणी, बोले-15 वर्षीय बल्लेबाज बनाएगा टी20 में वर्ल्ड रिकॉर्ड


नई दिल्ली, 6 अगस्त (आईएएनएस)। इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जोस बटलर टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट में कीरोन पोलार्ड को पीछे छोड़ते हुए इस बड़ी उपलब्धि को अपने नाम किया। हालांकि, बटलर ने भारत के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है।

बटलर का कहना है कि टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का उनका रिकॉर्ड भविष्य में वैभव सूर्यवंशी तोड़ सकते हैं। ‘स्टार स्पोर्ट्स’ के साथ बातचीत करते हुए बटलर ने कहा, “यह सोचना वाकई बहुत कूल है कि आपने सबसे ज्यादा टी20 रन बनाए हैं। एक दिन कोई इसे पार कर जाएगा, और उसका नाम शायद वैभव सूर्यवंशी होगा।” वैभव ने पिछले एक साल में अपनी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया है। वैभव इंग्लैंड के खिलाफ हुई टी20 सीरीज में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने।

वैभव ने जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में अपनी बल्लेबाजी से जमकर धमाल मचाया। उन्होंने पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। वहीं, तीसरे टी20 में उन्होंने 49 गेंदों में 8 चौके और 4 छक्कों की मदद से 81 रनों की दमदार पारी खेली थी। इससे पहले, आईपीएल 2026 में भी वैभव का बल्ला खूब गरजा था और वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने 16 मुकाबलों में 48 की औसत और 237 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 776 रन बनाए थे।

बटलर ने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और वेल्श फायर के बीच खेले गए मुकाबले में सिर्फ 20 गेंदों में 51 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। बटलर ने अपनी इस पारी के दौरान 2 चौके और 6 छक्के लगाए। वह टी20 में अब सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। बटलर क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में अब 14,833 रन बना चुके हैं। उन्होंने कीरोन पोलार्ड का रिकॉर्ड तोड़ा, जिनके नाम 14,803 रन दर्ज हैं। इस लिस्ट में 14,562 रनों के साथ क्रिस गेल तीसरे नंबर पर मौजूद हैं।

–आईएएनएस

एसएम/पीएम


Related Articles

Latest News