डीपीएल 2026: यश धुल का नाबाद शतक, सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने पुरानी दिल्ली को 9 विकेट से रौंदा


नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के 10वें मैच में शानदार जीत दर्ज की। इस टीम ने बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में बारिश से प्रभावित मुकाबले में पुरानी दिल्ली 6 के खिलाफ मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम किया।

बारिश के चलते मैच में 5-5 ओवरों की कटौती की गई। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 ने निर्धारित 15 ओवरों में 7 विकेट खोकर 140 रन बनाए। टीम ने महज 11 के स्कोर पर आर्यन गौड़ (2) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद 55 रन तक 5 विकेट गिर गए।

यहां से अश्विनी छिल्लर ने रोहन राठी के साथ छठे विकेट के लिए 40 गेंदों में 85 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 140 के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। इस टीम ने 14.5 ओवर में रोहन राठी का विकेट खो दिया, जो 21 गेंदों में 8 बाउंड्री के साथ 46 रन बनाकर आउट हुए। अगली गेंद पर अश्विनी (29 गेंदों में 38 रन) भी पवेलियन लौट गए।

विपक्षी खेमे से मनी ग्रेवाल ने 3 ओवरों में 22 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि गवनीश खुराना ने 2 विकेट निकाले। तेजस बरोका को 1 विकेट हाथ लगा।

इसके जवाब में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 13.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम को यश धुल और सिद्धार्थ जून ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 5.4 ओवरों में 60 रन की साझेदारी की। सिद्धार्थ सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद यश ने युगल सैनी के साथ दूसरे विकेट के लिए 46 गेंदों में 81 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई।

यश धुल 47 गेंदों में 9 छक्कों और 6 चौकों के साथ 100 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि युगल सैनी ने 21 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ नाबाद 27 रन बनाए। विपक्षी खेमे से इकलौती सफलता गौरव सरोहा के हाथ लगी, जिन्होंने 24 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News