वॉशिंगटन, 4 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका के ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने मंगलवार को कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच बुधवार तक कोई समझौता हो सकता है।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, सीएनबीसी को दिए एक इंटरव्यू में बेसेंट ने कहा, “हम ईरान के साथ बातचीत कर रहे हैं। मुझे लगता है कि आज या कल कोई समझौता होने की संभावना है, जिससे स्ट्रेट को खोला जा सके और इस संघर्ष की स्थिति को अधिक सामान्य दिशा में ले जाया जा सके।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से कोई शुल्क (टोल) वसूलने की अनुमति दी जाएगी, तो बेसेंट ने जवाब दिया, “वहां लोगों और जहाजों की आवाजाही पूरी तरह स्वतंत्र होगी।”
उन्होंने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में फंसे सैकड़ों जहाजों के बाहर निकलने के बाद कीमतों में और गिरावट आ सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि इसका असर सिर्फ ऊर्जा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि उर्वरक, रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों और औद्योगिक गैसों की आपूर्ति पर भी पड़ता है।
वहीं, अमेरिका के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रुबियो ने मंगलवार को कहा कि जहां ईरान का परमाणु निरस्त्रीकरण अमेरिका का ‘अंतिम लक्ष्य’ है, वहीं होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलना सबसे तत्काल प्राथमिकता है।
रुबियो ने पत्रकारों से कहा, “ईरान का परमाणु निरस्त्रीकरण हमारा अंतिम समझौता होगा। अभी जिस मुद्दे पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है, वह होर्मुज स्ट्रेट है।”
उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अभी तक कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है, लेकिन हमें उम्मीद है कि यह बहुत जल्द हो जाएगा। अब तक ईरान की ओर से इन बयानों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इस बीच, कतर ने मंगलवार को पुष्टि की कि अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता की कोशिशें जारी हैं। संभावित समझौते के मसौदे से जुड़ी भाषा दोनों पक्षों के बीच साझा की जा रही है, और क्षेत्रीय मध्यस्थ तनाव को बढ़ने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
कतर के प्रधानमंत्री के सलाहकार और विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल अंसारी ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि फिलहाल अमेरिका और ईरान के बीच कोई सीधी बातचीत तय नहीं है। उन्हें उम्मीद है कि मध्यस्थता के प्रयास जल्द ही दोनों देशों के बीच वार्ता फिर से शुरू करवाने में मदद करेंगे।
–आईएएनएस
एवाई/एबीएम
