नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने मंगलवार को भारत की दो प्रतिष्ठित खिलाड़ियों- विश्व जूनियर गर्ल्स स्क्वैश चैंपियन अनाहत सिंह तथा राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन से भेंट कर उनके साथ विस्तृत चर्चा की।
आशीष सूद ने दोनों खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
स्क्वैश के माध्यम से दिल्ली के युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में पहल। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने दिल्ली की युवा स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह से मुलाकात की, जिन्होंने हाल ही में विश्व जूनियर गर्ल्स स्क्वैश चैंपियनशिप का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। अनाहत एशियाई खेलों एवं राष्ट्रमंडल खेलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
बैठक के दौरान अनाहत सिंह ने दिल्ली के युवाओं के बीच स्क्वैश को अधिक लोकप्रिय एवं सुलभ बनाने के संबंध में अपने सुझाव साझा किए।
आशीष सूद ने आश्वासन दिया कि दिल्ली सरकार स्क्वैश के जमीनी स्तर पर विकास, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार तथा युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
उन्होंने ओलंपिक कांस्य पदक विजेता एवं विश्व चैंपियन मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन से भी मुलाकात की। लवलीना ने हाल ही में ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया है। मूल रूप से असम की रहने वाली लवलीना अब दिल्ली में रह रही हैं।
बैठक के दौरान लवलीना बोरगोहेन ने दिल्ली में मुक्केबाजी की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की इच्छा व्यक्त करते हुए आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास हेतु सरकार से सहयोग का अनुरोध किया।
इस पर आशीष सूद ने उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि दिल्ली सरकार सक्रिय एवं पूर्व खिलाड़ियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श करेगी। इन चर्चाओं के आधार पर खेल अवसंरचना के आधुनिकीकरण, प्रशिक्षण केंद्रों को सुदृढ़ करने तथा राजधानी में खेल संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
अंत में आशीष सूद ने दोनों खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आने वाले वर्षों में भी भारत के लिए अनेक अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल कर देश का गौरव बढ़ाती रहेंगी।
–आईएएनएस
डीकेपी/
