सोल, 3 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया सोमवार को भी अभूतपूर्व भीषण गर्मी से जूझता रहा। देश के कई हिस्सों में रिकॉर्ड तोड़ तापमान दर्ज किया गया और बड़ी संख्या में लोग गर्मी से जुड़ी बीमारियों का शिकार हुए।
कोरिया मौसम विभाग (केएमए) के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी शहर डेगू में तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह एक अगस्त 1942 के बाद पहली बार है जब वहां तापमान 40 डिग्री के आंकड़े को पार कर गया।
योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार, सोल से लगभग 230 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित गोर्योंग काउंटी में दोपहर 3:37 बजे देश का सबसे अधिक तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
देश के दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी रही। ऐसी चेतावनी तब जारी की जाती है जब महसूस होने वाला तापमान एक दिन से ज्यादा समय तक 38 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर बना रहे।
केएमए ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे से सियोल के दक्षिणी हिस्सों, राजधानी के आसपास के ग्योंगगी प्रांत के कुछ क्षेत्रों और दक्षिण जिओला प्रांत के जांगसियोंग और गोकसियोंग काउंटियों में भी सबसे उच्च स्तर की गर्मी चेतावनी लागू होगी।
जून में यह चेतावनी प्रणाली शुरू होने के बाद पहली बार ऐसा होगा कि ग्रेटर सियोल क्षेत्र में सबसे उच्च स्तर की हीट वेव चेतावनी लागू की जाएगी।
दक्षिण-पूर्वी शहर यांगसान में, जहां रविवार को तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस (1904 में आधुनिक मौसम निगरानी शुरू होने के बाद से सबसे अधिक) तक पहुंच गया था, वहां तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक रहा।
इस भीषण गर्मी ने पूरे देश में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा कर दी हैं।
सोल के पश्चिम में स्थित इंचियोन में एक 40 वर्षीय व्यक्ति की सोमवार सुबह मौत हो गई। उसे एक दिन पहले अस्पताल ले जाया गया था और उसके शरीर का तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं रविवार को दक्षिण चुंगचेओंग प्रांत में 60 और 80 वर्ष के दो किसानों के शव मिले।
कोरिया रोग नियंत्रण और रोकथाम एजेंसी के अनुसार, रविवार को देशभर के इमरजेंसी रूम में 108 लोगों का इलाज गर्मी से जुड़ी बीमारियों के लिए किया गया। 15 मई से अब तक ऐसे मरीजों की कुल संख्या 2,025 हो चुकी है। अब तक देश में गर्मी से जुड़ी बीमारियों के कारण 16 लोगों की मौत दर्ज की गई है।
सियोल में रविवार को 18 नए हीट-रिलेटेड मरीज सामने आए। मई के मध्य से अब तक राजधानी में ऐसे मरीजों की कुल संख्या 185 हो गई है।
केएमए के मुताबिक, इस लंबे समय तक चल रही भीषण गर्मी की वजह कोरियाई प्रायद्वीप के ऊपर बने कई उच्च दबाव वाले सिस्टम हैं। इसके साथ साफ आसमान और तेज़ सीधी धूप ने तापमान को और बढ़ा दिया है।
–आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
