इजरायली हमलों से दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों में तबाही, दोनों के बीच फ‍िर बढ़ा तनाव


नई द‍िल्‍ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। इजरायल और लेबनान के बीच जारी युद्धविराम का उल्‍लंघन फ‍िर खत्‍म हो गया। इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान पर हमला बोल द‍िया है। इनमें टायर, मरजायून और बिंत जबील शहर शामिल हैं।

इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) की र‍िपोर्ट के अनुसार, लेबनान से सोमवार को आई रिपोर्टों के मुताबिक, ताजा इजरायली हमलों में टायर, मरजायून और बिंत जबील शहरों के इलाकों के साथ-साथ आसपास के गांवों को निशाना बनाया गया। इजरायली ड्रोन ने नबातियेह के अली अल-ताहर पहाड़ी क्षेत्र के ऊपर भी बमबारी की और विस्फोटक तथा आग लगाने वाले हथियार गिराए।

आईआरएनए के अनुसार, टायर के पास स्थित चामा गांव में इजरायली सेना ने तोपों से गोले दागे। वहीं, तैयबे और यारून गांवों में सैनिकों ने जैतून के बागों में आग लगा दी।

दो मार्च को इजरायल और लेबनान के बीच फिर से लड़ाई शुरू हो गई है। दरअसल, रविवार को हिज्‍बुल्लाह ने इजरायल पर हमले किए। हिज्‍बुल्लाह ने कहा कि ये हमले लेबनान पर लगभग रोज हो रहे इजरायली हमलों के जवाब में किए गए थे।

आईआरएनए की र‍िपोर्ट में बताया गया क‍ि ईरान के नेता आयतुल्ला सैय्यद अली खामेनेई की हत्या के बाद इजरायल ने जमीनी सैन्य अभियान शुरू किया और दक्षिणी लेबनान के कुछ हिस्सों पर कब्‍जा कर लिया। 16 अप्रैल को इजरायल और लेबनान युद्धविराम पर सहमत हुए, लेकिन इस समझौते का कई बार उल्लंघन हुआ।

26 जून को दोनों पक्षों ने वॉशिंगटन में अमेरिका की मध्यस्थता में एक रूपरेखा समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते में इजरायली सैनिकों को दक्षिणी लेबनान से पीछे हटना है और उनकी जगह लेबनानी सशस्त्र बलों की इकाइयों की तैनाती तय की गई। वहीं, हिज्‍बुल्लाह के महासचिव शेख नईम कासिम ने इस समझौते को इजरायल के सामने आत्मसमर्पण बताया।

इजरायल और लेबनान सरकार के बीच 16 अप्रैल को युद्धविराम समझौता हुआ था, जिसका मकसद इजरायली प्रशासन और हिज्‍बुल्लाह प्रतिरोध आंदोलन के बीच लड़ाई को खत्म करना था। युद्धविराम के बावजूद, इजरायल दक्षिणी लेबनान में छिटपुट हमले करता रहा है।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Related Articles

Latest News