पीओके में महिलाओं और बच्चों का विरोध प्रदर्शन, मुजफ्फराबाद की ओर मार्च की तैयारी


इस्लामाबाद, 2 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के रावलकोट में रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने डी-चौक पर धरना दिया और मुजफ्फराबाद की ओर एक शांतिपूर्ण लंबा मार्च शुरू करने की तैयारी की। प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए, ‘आवाज दो हम एक हैं, कश्मीर के पहाड़ों में हम एक हैं।’

जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) के जारी बयान के अनुसार, सुरक्षा बल बीच-बीच में भारी गोलीबारी कर रहे हैं। जेएएसी ने कहा कि ड्रीक में महिलाएं और बच्चे धरने पर बैठे हुए हैं और यह प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक आंदोलन की मांगें पूरी नहीं की जातीं।

प्रदर्शन स्थल की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए जेएएसीने कहा, “रावलकोट के डी-चौक पर लोग अस्थायी धरना दे रहे हैं और किसी भी समय मुजफ्फराबाद की ओर शांतिपूर्ण लंबा मार्च शुरू हो सकता है। सुरक्षा बल बीच-बीच में भारी गोलीबारी कर रहे हैं। हालांकि, रावलकोट में अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं है।”

जेएएसी ने कहा, “ड्रीक में, जहां 50 दिनों तक धरना चला था, अब महिलाएं और बच्चे इस धरने को जारी रखे हुए हैं। यह तब तक चलता रहेगा जब तक आंदोलन की मान्य मांगों को स्वीकार नहीं किया जाता। कश्मीरी लोगों ने एकजुट होकर फैसला किया है कि वे किसी भी हाल में अपने शहीदों के खून के साथ विश्वासघात नहीं करेंगे।”

शनिवार को जेएएसी के सदस्य सरदार उमर नजीर कश्मीरी ने कहा कि पिछले चार दिनों में पाकिस्तानी बलों की कड़ी कार्रवाई में 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट क‍िया, “पिछले चार दिनों में सुरक्षा बलों ने क्रूर कार्रवाई के जरिए हमारे 50 से ज्यादा लोगों को मार दिया है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।”

एक अन्य पोस्ट में जेएएसी ने कहा कि मुजफ्फराबाद क्षेत्र के कई इलाकों में देर रात तक विरोध प्रदर्शन जारी रहे। लोग अपनी बुनियादी अधिकारों की सुरक्षा और स्थानीय प्रशासन द्वारा किए गए वादों को पूरा करने की मांग को लेकर सड़कों पर डटे रहे।

हाल के दिनों में जेएएसी समेत कई सोशल मीडिया अकाउंट्स की ओर से साझा किए गए वीडियो में पीओके में पाकिस्तानी बलों की कथित सख्त कार्रवाई दिखाई गई है। सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में यह भी देखा गया कि कोटली में शांतिपूर्ण रैली के दौरान पुलिस की कार्रवाई और गोलीबारी के बाद महिला प्रदर्शनकारी अपनी जान बचाने के लिए भागती नजर आईं।

इस बीच, यूनाइटेड कश्मीर पीपुल्स नेशनल पार्टी (यूकेपीएनपी) के चेयरमैन सरदार शौकत अली कश्मीरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में कई बैठकें कीं। इन बैठकों में उन्होंने पीओके में पाकिस्तानी बलों की ओर से की गई कथित ज्यादतियों के बारे में संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों को जानकारी दी।

बैठकों के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पीओके में बिगड़ती मानवाधिकार स्थिति पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र, अंतरराष्ट्रीय समुदाय, विभिन्न सरकारों, मानवाधिकार संगठनों और लोकतांत्रिक संस्थाओं से अपील की कि वे क्षेत्र में और अधिक जान-माल के नुकसान को रोकने और लोगों के बुनियादी अधिकारों की रक्षा के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाएं।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Related Articles

Latest News