सीडब्ल्यूजी 2026: महिलाओं के 63 किलोग्राम वर्ग में निरुपमा देवी के हाथ लगी निराशा


ग्लासगो, 28 जुलाई (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में मंगलवार को भारतीय महिला वेटलिफ्टर निरुपमा देवी सेराम के लिए महिलाओं के 63 किलोग्राम वर्ग का मुकाबला निराशाजनक रहा। निरुपमा ‘क्लीन एंड जर्क’ राउंड पूरा नहीं कर सकीं और ‘डिड नॉट फिनिश’ (डीएनएफ) के साथ बाहर हो गईं।

पदक की दावेदार मानी जा रहीं निरुपमा ने ‘स्नैच’ में 93 किलोग्राम वजन उठाया, लेकिन ‘क्लीन एंड जर्क’ में 123 किलोग्राम उठाने की तीनों कोशिशों में नाकाम रहीं। इसी के साथ निरुपमा कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का जीतने में नाकाम रहने वाली पहली भारतीय वेटलिफ्टर बनीं। भारत ने अब तक वेटलिफ्टिंग में सात पदक जीते हैं, जिनमें 1 गोल्ड, 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।

‘स्नैच’ में निरुपमा अपनी शुरुआती कोशिश में 93 किलोग्राम वजन नहीं उठा सकीं, लेकिन दूसरी कोशिश में सफल रहीं। तीसरी और आखिरी कोशिश में वह 95 किलोग्राम वजन नहीं उठा पाईं।

इसके बाद ‘क्लीन एंड जर्क’ का राउंड उनके लिए बहुत बुरा रहा, जिसके तीनों ही प्रयासों में निरुपमा नाकाम रहीं। भारत की तीन बार की गोल्ड मेडलिस्ट मीराबाई चानू की मौजूदगी और टीम के साथियों का लगातार उत्साह बढ़ाने के बावजूद निरुपमा को निराशा ही हाथ लगी।

कनाडा की पूर्व ओलंपिक चैंपियन मौड चारोन ने महिलाओं के 63 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग इवेंट में कुल 232 किलोग्राम वजह (गेम्स रिकॉर्ड) के साथ गोल्ड जीता। उन्होंने ‘स्नैच’ (102 किलोग्राम) और ‘क्लीन एंड जर्क’ (130 किलोग्राम) दोनों में गेम्स-रिकॉर्ड बनाए।

वहीं, इंग्लैंड की सारा डेविस स्मेल ने कुल 217 किलोग्राम (95+122 किलोग्राम) वजन उठाकर सिल्वर अपने नाम किया, जबकि नौरू की फेमिली-क्रिस्टी नोटे ने 216 किलोग्राम (100+116) वजन के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

इससे पहले, सोमवार को वेटलिफ्टिंग में भारत ने तीन पदक जीते। पुरुषों के 79 किलोग्राम मुकाबले में वल्लुरी अजय बाबू गोल्ड मेडल जीतने से मामूली अंतर से चूक गए; वह मलेशिया के मुहम्मद एरी हिदायत से सिर्फ 1 किलोग्राम पीछे रहे। इससे पहले, ज्ञानेश्वरी यादव ने महिलाओं के 53 किलोग्राम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। बिंद्यारानी देवी ने महिलाओं के 58 किलोग्राम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर लगातार अपना दूसरा कॉमनवेल्थ गेम्स मेडल हासिल किया। मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता है।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News