ईरान अपने अधिकारों की रक्षा करने में सक्षम: दिमित्री पेस्‍कोव


नई द‍िल्‍ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। कैस्पियन सागर में व्‍यापार‍िक जहाज पर हमले के बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई की चेतावनी को रूस का समर्थन म‍िला है। रूस का कहना है क‍ि ईरान एक स्‍वतंत्र देश है और अपने अध‍िकारों की रक्षा करने की पूरी क्षमता भी रखता है।

इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) की र‍िपोर्ट के अनुसार, रूसी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता दिमित्री पेस्‍कोव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि ईरान अपने अधिकारों की रक्षा करने में पूरी तरह सक्षम है।

पेस्‍कोव ने कहा कि ईरान एक स्वतंत्र देश है, जो अपने अधिकारों की मजबूती से रक्षा करता है, और उसके पास ऐसा करने की पूरी क्षमता है। उन्होंने यूक्रेन की कार्रवाई को आक्रामक बताते हुए कहा कि कीव की सरकार अलग-अलग देशों को निशाना बना रही है।

आईआरएनए के अनुसार, उन्होंने कहा, “यूक्रेन कई देशों पर हमला कर रहा है। इससे पहले उसने जर्मनी की बेहद अहम ऊर्जा ढांचे की एक सुविधा को उड़ाकर हमला किया था। अब उसने ईरान पर हमला किया है और एक ईरानी जहाज को निशाना बनाया है।”

आईआरएनए की जानकारी के अनुसार, क्रेमलिन के प्रवक्ता ने कैस्पियन पाइपलाइन कंसोर्टियम की सुविधाओं और टर्मिनलों पर यूक्रेन के ड्रोन हमलों का भी ज‍िक्र किया। उन्होंने कहा कि इस तेल पाइपलाइन कंसोर्टियम का एक संयुक्त मालिक कजाखस्तान भी है।

सोमवार को दिए गए एक बयान में पेस्‍कोव ने चेतावनी दी कि ईरानी जहाज पर यूक्रेन का हमला कीव की ओर से तनाव बढ़ाने की एक और घटना है। उनका कहना था कि इससे यह संकेत मिल सकता है कि यह संघर्ष अब और बड़े भौगोलिक क्षेत्र तक फैल सकता है।

शनिवार को कैस्पियन सागर में एक ईरानी कारोबारी जहाज, जो निजी क्षेत्र के स्वामित्व में था और जिसमें रोल्ड स्टील शीट का माल लदा हुआ था, यूक्रेन के ड्रोन हमले का निशाना बना।

इस हमले की निंदा करते हुए ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह ईरान के प्रति यूक्रेन के लगातार ‘गैर-तर्कसंगत और शत्रुतापूर्ण रवैये’ को दिखाता है।

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को ईरानी व्‍यापार‍िक जहाज पर हमले का दोषी ठहराते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में ल‍िखा, ”यूक्रेन ने एक ईरानी व्यापारिक जहाज पर हमला किया है, जिसमें एक नाविक की मौत हो गई। यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर का खुला उल्लंघन है, जो इजराइल के कहने पर किया गया, ताकि यूरोप को उसके युद्ध में खींचा जा सके।”

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Related Articles

Latest News