ऑल इंडिया पुलिस जूडो क्लस्टर 2026: एसएसबी का दबदबा, बीएसएफ और यूपी भी चमके


हैदराबाद, 25 जुलाई (आईएएनएस)। ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एआईपीएससीबी) की देखरेख में सीआईएसएफ द्वारा हैदराबाद में आयोजित 11वीं ऑल इंडिया पुलिस जूडो क्लस्टर चैंपियनशिप 2026 में जूडो प्रतियोगिता का समापन हो गया। चैंपियनशिप के दूसरे दिन, 24 जुलाई को पुरुष और महिला दोनों वर्गों के मुकाबले सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

जूडो प्रतियोगिता में देशभर के 31 केंद्रीय और राज्य पुलिस संगठनों के 289 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग की सात भार श्रेणियों में 186 और महिला वर्ग की सात भार श्रेणियों में 103 खिलाड़ियों ने अपनी चुनौती पेश की। प्रतियोगिता के दौरान कुल 331 मुकाबले खेले गए, जिनमें पुरुष वर्ग के 207 और महिला वर्ग के 124 मुकाबले शामिल रहे।

11वीं ऑल इंडिया पुलिस जूडो क्लस्टर चैंपियनशिप 2026 (महिला और पुरुष) में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सबसे सफल टीम रही। एसएसबी ने 6 गोल्ड, 4 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज सहित कुल 14 पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया। बीएसएफ ने 2 गोल्ड, 2 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि उत्तर प्रदेश पुलिस 2 गोल्ड, 1 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज पदक जीतकर तीसरे स्थान पर रही।

इनके अलावा आईटीबीपी ने 1 गोल्ड, 1 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज जीते। असम राइफल्स ने 1 गोल्ड और 1 सिल्वर अपने नाम किया। मणिपुर ने 1 गोल्ड और 1 ब्रॉन्ज जीता, जबकि पंजाब पुलिस ने 1 गोल्ड पर अपना कब्जा जमाया। वहीं, सीआईएसएफ ने 4 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज अपने नाम किए। सीआरपीएफ ने 1 सिल्वर और 7 ब्रॉन्ज जीते।

स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ तेलंगाना (एसएटीजी) की वाइस-चेयरपर्सन और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अकोइजम सोनी बाला देवी (आईएफएस) और जीएमआर के सीएसओ शशिकांत रेड्डी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर वुशु सांडा इवेंट देखा। गणमान्य अतिथियों ने उद्घाटन के दिन आयोजित महिला जूडो इवेंट के मेडल विजेताओं को सम्मानित किया।

अब चैंपियनशिप में ताइक्वांडो, वुशु, कराटे और पेंचक सिलाट के मुकाबले खेले जाएंगे। ये सभी प्रतियोगिताएं 30 जुलाई 2026 तक हैदराबाद में चलेंगी।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News