इस बार भी युवाओं और छात्रों की पीड़ा राजनीति ने हाईजैक कर ली : मनोज मुंतशिर


मुंबई, 22 जुलाई (आईएएनएस)। गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर ने बुधवार को छात्रों के विरोध प्रदर्शनों और कथित नीट पेपर लीक विवाद पर अपनी राय स्पष्ट की। उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए सरकार से नीट पेपर लीक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मनोज मुंतशिर ने अपने इंस्टाग्राम पर नोट जारी किया, जिसमें उन्होंने कुछ मीडिया हाउस पर निशाना साधते हुए लिखा, “कुछ मीडिया हाउस ये सिद्ध करने की जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं कि मैं छात्रों के साथ नहीं हूं। रिकॉर्ड के लिए इस पोस्ट को मेरा ऑफिशियल स्टैंड समझा जाए। मैं शत-प्रतिशत छात्रों के और उनके दुख-दर्द के साथ हूं। नीट पेपर लीक एक अक्षम्य अपराध है, दोषियों को दंडित करने की पूरी जिम्मेदारी सरकार पर है और हम सरकार से इसकी जवाबदेही तलब करते रहेंगे। इसके साथ ही, मुझे इस बात का दुख हमेशा रहेगा कि हर बार की तरह इस बार भी युवाओं और छात्रों की पीड़ा राजनीति ने हाईजैक कर ली।”

उन्होंने आगे लिखा, “जंतर-मंतर पर असली मुद्दों पर बात हुई ही नहीं। भारत और सनातन विरोधी शक्तियों ने छात्रों को मोहरा बनाकर अपनी चालें चल दीं। जिन लोगों ने आंदोलन शुरू किया वो छात्रों को अकेला छोड़कर निकल गए। मैं भारत सरकार से छात्रों के साथ हुए विश्वासघात की पीड़ा समझने का आग्रह करता हूं और वादा करता हूं कि देश और दुनिया के हर मंच से, स्टूडेंट्स और यूथ की आवाज उठाता रहूंगा।”

बता दें कि मनोज मुंतशिर ने अपने एक बयान के बाद सफाई दी। मनोज मुंतशिर ने एक इंटरव्यू में जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन का समर्थन करने से इनकार किया और प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कुछ लोगों पर निशाना साधा था।

मुंतशिर ने पेपर लीक को पूरी तरह से गलत बताया और कहा था कि अगर इस विवाद के कारण एक भी छात्र की जान गई है, तो पूरा सिस्टम इसके लिए जवाबदेह है। उन्होंने साफ कहा था कि वह छात्रों की चिंताओं के समर्थन में हैं, लेकिन जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में कभी शामिल नहीं होंगे।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा था कि इस आंदोलन का मंच ऐसे लोगों द्वारा हाईजैक कर लिया गया है जो भारत विरोधी बातें करते हैं। ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ जैसे नारे लगाते हैं, कश्मीर को भारत का हिस्सा नहीं मानते और भगवान राम पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं।

–आईएएनएस

एनएस/एबीएम


Related Articles

Latest News