एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का भंडाफोड़, ईओडब्ल्यू कश्मीर ने चार आरोपियों पर दाखिल की चार्जशीट


श्रीनगर, 22 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) कश्मीर ने एयरपोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है।

मामले की जांच पूरी होने के बाद ईओडब्ल्यू ने एफआईआर संख्या 36/2018 में चार आरोपियों के खिलाफ श्रीनगर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में चार्जशीट दाखिल की। यह मामला धारा 420 (धोखाधड़ी) और 120-बी (आपराधिक साजिश) आरपीसी तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(डी) के तहत दर्ज किया गया था।

जिन चार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है, उनमें मोहित शर्मा उर्फ भारद्वाज, निवासी सेक्टर-49, बरौला, नोएडा; मुकेश कुमार निवासी सदर थाना रोड, बड़ा टूटी, नई दिल्ली; महमूद खान निवासी हदू मोहल्ला, एच-ब्लॉक, मदनपुर खादर, सरिता विहार, नई दिल्ली और रामलखन निवासी सिंघरास नाश, करीम पहारंग, तहसील डुमरियागंज, नई दिल्ली शामिल हैं।

जांच एजेंसी के अनुसार, कश्मीर घाटी के कई जिलों से शिकायतें मिली थीं कि कुछ लोग एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपए वसूल रहे हैं। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को भरोसे में लेकर उनसे पैसे लिए गए लेकिन न तो उन्हें नौकरी मिली और न ही उनका पैसा वापस किया गया।

आर्थिक अपराध शाखा ने मामले की गहन जांच की। जांच के दौरान शिकायतकर्ताओं के आरोप सही पाए गए और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी गई। अब इस बहुचर्चित नौकरी ठगी मामले में आगे की सुनवाई अदालत में होगी, जहां आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

–आईएएनएस

वीकेयू/पीएम


Related Articles

Latest News