मुंबई, (केसरिया न्यूज़)। धारावी पुनर्विकास परियोजना (डीआरपी) का विशेष प्रयोजन वाहन (एसपीवी) अदाणी नवभारत डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड (एएनडीपीएल) ने मंगलवार को ‘धारावी दीदी’ नामक 24×7 एआई-संचालित इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। इसका उद्देश्य देश की सबसे बड़ी शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं में से एक से जुड़ी आधिकारिक और सत्यापित जानकारी धारावी के निवासियों तक पहुंचाना है।
कंपनी ने बताया कि जैसे-जैसे पुनर्विकास परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है, विश्वसनीय जानकारी की बढ़ती जरूरत को देखते हुए इस एआई सहायक को शुरू किया गया है।
धारावी के निवासी अक्सर यह जानना चाहते हैं कि क्या उनके घर का सर्वे हो चुका है, वे पुनर्वास के लिए पात्र हैं या नहीं, किन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी और नया घर कब मिलेगा।
अब तक लोग इन सवालों के जवाब के लिए अनौपचारिक चर्चाओं और अपुष्ट स्रोतों पर निर्भर रहते थे, जिससे कई बार भ्रम और गलत जानकारी फैलती थी।
वीडियो कॉल, वॉयस कॉल और व्हाट्सऐप के माध्यम से उपलब्ध धारावी दीदी हिंदी, मराठी और अंग्रेजी में तुरंत जवाब देती है। कंपनी ने कहा कि धारावी की बहुभाषी आबादी को ध्यान में रखते हुए आने वाले महीनों में तमिल, तेलुगु और गुजराती भाषाओं का भी समर्थन जोड़ा जाएगा।
एएनडीपीएल के अनुसार, यह पहल कंपनी के सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) कार्यक्रमों का विस्तार है, जिससे फील्ड विजिट और कार्यालय समय के बाहर भी लोगों तक आधिकारिक जानकारी पहुंचाई जा सकेगी।
एआई सहायक को इस तरह तैयार किया गया है कि परियोजना से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी दिन के किसी भी समय निवासियों को उपलब्ध हो सके।
एएनडीपीएल के एक अधिकारी ने कहा, “चाहे निवासी सर्वे, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज या परियोजना से जुड़े अपडेट के बारे में जानकारी लेना चाहें, धारावी दीदी चौबीसों घंटे सरल और बातचीत के अंदाज में स्पष्ट जवाब देने के लिए उपलब्ध है। हमारे सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) कार्यक्रमों के साथ यह एक और कदम है, जिससे हर धारावीवासी तक प्रमाणिक जानकारी आसानी से पहुंच सके। अब लोगों को आधिकारिक जवाब पाने के लिए कार्यालय समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।”
कंपनी ने बताया कि इस प्लेटफॉर्म का इंटरफेस बेहद सरल रखा गया है, ताकि पहली बार डिजिटल माध्यम का उपयोग करने वाले लोग भी इसे आसानी से इस्तेमाल कर सकें।
सत्यापित जानकारी तक सीधी पहुंच उपलब्ध कराकर इसका उद्देश्य निवासियों को पुनर्विकास प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझने और हर चरण में अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में मदद करना है।
अधिकारी ने कहा, “हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक निवासी को सही और सत्यापित जानकारी सीधे उपलब्ध हो। धारावी दीदी को इस तरह तैयार किया गया है कि वह स्पष्ट जवाब दे, पारदर्शिता के जरिए भरोसा बनाए और पुनर्विकास की पूरी प्रक्रिया के दौरान लोगों को बेहतर निर्णय लेने में मदद करे।”
कंपनी ने बताया कि ‘धारावी दीदी’ नाम इसलिए चुना गया है क्योंकि यह मंच निवासियों के लिए एक भरोसेमंद मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगा। जिस तरह एक बड़ी बहन धैर्यपूर्वक सुनती है और सही मार्गदर्शन देती है, उसी तरह इस एआई सहायक को धारावीवासियों की जिंदगी के सबसे महत्वपूर्ण बदलावों में से एक के दौरान उनका साथ देने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
–केसरिया न्यूज़
