अफगानिस्तान: नूरिस्तान में भीषण बाढ़ से 20 लोगों की मौत और 80 घायल, 100 लापता


काबुल, 21 जुलाई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के नूरिस्तान प्रांत स्थित पारून शहर में आई भीषण बाढ़ से 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 80 से अधिक लोग घायल हुए हैं। स्थानीय मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

तालिबान अधिकारियों के एक बयान का हवाला देते हुए अफगानिस्तान की समाचार एजेंसी खामा प्रेस ने बताया कि पारून और आसपास के इलाकों में आई बाढ़ के बाद अभी भी 100 से अधिक लोग लापता हैं।

तालिबान के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एक बयान में कहा कि नूरिस्तान के पारून और कई अन्य क्षेत्रों में भारी बाढ़ ने व्यापक नुकसान पहुंचाया है। इस आपदा की जद में बड़ी संख्या में लोग आए और संपत्ति की भारी हानि हुई है।

प्राधिकरण के सूचना एवं प्रकाशन प्रमुख और प्रवक्ता हाफिज मोहम्मद यूसुफ हमद ने बताया कि स्थिति का आकलन करने, लापता लोगों की तलाश करने और नुकसान का पता लगाने के लिए विशेष टीमें प्रभावित इलाकों में भेजी गई हैं।

बाढ़ के कारण कई आवासीय घर, कृषि भूमि और दुकानें क्षतिग्रस्त या पूरी तरह नष्ट हो गई हैं, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हमद ने कहा कि बचाव और खोज अभियान जारी रहने के कारण मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव हो सकता है।

खामा प्रेस के अनुसार, 100 से अधिक लोगों के लापता होने की सूचना के बाद अधिकारियों को आशंका है कि बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। बचाव दल बाढ़ में बह गए लोगों और जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं।

नूरिस्तान में भारी बारिश के बाद यह बाढ़ आई। क्षेत्र का पहाड़ी भूभाग और सीमित सड़क संपर्क बचाव कार्यों में बड़ी चुनौती पैदा कर रहे हैं।

अफगानिस्तान पहले से ही भूस्खलन, सूखा और बाढ़ जैसी चरम मौसमी घटनाओं के प्रति बेहद संवेदनशील देश है। कमजोर बुनियादी ढांचे और राहत कार्यों में कठिनाइयों के कारण प्राकृतिक आपदाओं का प्रभाव यहां अधिक गंभीर हो जाता है।

इससे पहले मई महीने में भी अफगानिस्तान के कंधार, हेरात, घोर और तखार प्रांतों में तेज हवाओं और आंधी-तूफान के कारण छह लोगों की मौत हो गई थी और 11 अन्य घायल हुए थे।

अफगानिस्तान राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएनडीएमए) के अनुसार, उस दौरान तेज हवाओं और तूफान के कारण सड़कें, कुएं, कृषि भूमि, पेड़ और सैकड़ों सौर पैनल नष्ट हो गए थे।

एएनडीएमए प्रवक्ता ने बताया था कि कंधार, हेरात, तखार और घोर प्रांतों में आंधी, बिजली गिरने, तूफान-बाढ़ से छह लोगों की मौत हुई और 11 लोग घायल हुए। उन्होंने बताया कि 20 घर पूरी तरह नष्ट हो गए और 10 अन्य घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा।

–आईएएनएस

केआर/


Related Articles

Latest News