मुझे नहीं लगता है कि रोहित जैसे बड़े खिलाड़ी पर किसी तरह का दबाव है: सितांशु कोटक


कार्डिफ, 17 जुलाई (आईएएनएस)। रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज में रनों के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर रोहित ने दूसरे वनडे में 26 रन बनाने के लिए 47 गेंदों का सामना किया और वह क्रीज पर सेट होने के बाद अपना विकेट देकर पवेलियन लौट गए। हालांकि, भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने रोहित का बचाव किया है।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित की हालिया फॉर्म पर बात करते हुए सितांशु ने कहा, “देखिए, मुझे नहीं लगता है कि रोहित शर्मा जैसे बड़े खिलाड़ी पर किसी तरह का दबाव हो सकता है। वह एक लाजवाब खिलाड़ी हैं। बेशक दो मैचों में वह रन नहीं बना पाए हैं, लेकिन इससे कोई खास फर्क नहीं पड़ता है। इस मुकाबले में भी लग रहा था कि वह बड़ी पारी खेलेंगे, लेकिन फिर भी चिंता की कोई बात नहीं है।”

रोहित की हालिया फॉर्म वनडे में इस साल कुछ खास नहीं रही है। 8 मुकाबलों में रोहित 30 की औसत और 88 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 241 रन ही बना सके हैं। इस दौरान भारतीय टीम के पूर्व कप्तान के बल्ले से महज एक अर्धशतक निकला है। रोहित को लेकर ऐसी खबरें भी सामने आ रही हैं कि सिलेक्टर्स ने उनसे आगे देखने का मन बना लिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने ‘आईएएनएस’ को बताया है कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे वनडे मुकाबले के बाद सिलेक्टर्स रोहित को एकदिवसीय टीम में नहीं रखना चाहते हैं।

बीसीसीआई सूत्र ने कहा, “सिलेक्टर्स ने फैसला किया है कि अब वे रोहित शर्मा को वनडे टीम में नहीं चुनेंगे। रोहित अगर सम्मानजनक तरीके से संन्यास लेना चाहते हैं या तुरंत संन्यास नहीं लेना चाहते हैं, तो यह पूरी तरह से उनका निजी फैसला है। हालांकि, संदेश साफ है कि सिलेक्टर्स रविवार को लॉर्ड्स में होने वाले मैच के बाद उन्हें वनडे टीम में नहीं चुनेंगे।”

सूत्र ने आगे बताया, “चर्चा यह है कि रोहित पिछले कुछ समय से फॉर्म में नहीं चल रहे हैं। वहीं, यशस्वी जायसवाल लगातार वनडे क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद बाहर बैठे हैं। इसी बड़े अंतर ने सिलेक्टर्स को अपनी लंबी अवधि की रणनीति पर फिर से सोचने के लिए मजबूर किया है। अभी तो यह लगभग तय लग रहा है कि लॉर्ड्स में रविवार का मैच भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी के तौर पर रोहित का आखिरी मैच हो सकता है।”

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Related Articles

Latest News