अमृतसर : हथियार और विस्फोटक तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार


चंडीगढ़, 14 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र में अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

उनके कब्जे से एक हथगोला, एक एके-47 राइफल, एक संशोधित एम4 श्रेणी की .30 बोर स्वचालित बंदूक, एक विशेष रूप से संशोधित .30 बोर अर्ध-स्वचालित बंदूक और पांच मैगजीन बरामद की गई हैं।

इसकी जानकारी पंजाब पुलिस ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की। पंजाब पुलिस ने पोस्ट में बताया, ”यह कार्रवाई अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने विशेष अभियान के तहत की। बरामद हथियारों और विस्फोटकों को देखते हुए माना जा रहा है कि आरोपियों का संबंध एक संगठित तस्करी गिरोह से है, जो अवैध हथियारों की आपूर्ति में शामिल था।”

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस मामले में घरिंडा थाना में शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद हथियार और विस्फोटक कहां से लाए गए थे और इन्हें किस उद्देश्य से इस्तेमाल किया जाना था।

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। इसके अलावा, हथियारों की आपूर्ति करने वाले स्रोतों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस कार्रवाई से अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

पंजाब पुलिस के मुताबिक, राज्य में अवैध हथियारों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना उसकी प्राथमिकता है। प्रदेश में शांति, सुरक्षा और लोगों की संरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा। साथ ही, कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

–आईएएनएस

एसएचके/एबीएम


Related Articles

Latest News