नई दिल्ली, 13 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला गया ऐतिहासिक टेस्ट मैच 270 रन से अपने नाम किया। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने इस उपलब्धि पर देश की बेटियों की सराहना की है।
लंदन में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 285 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड का खेमा 170 रन पर सिमट गया। भारत के पास 115 रन की बढ़त थी। अगली पारी 341/7 के स्कोर पर घोषित करने के साथ मेहमान टीम ने इंग्लैंड को जीत के लिए 457 रन का टारगेट दिया, जिसके जवाब में मेजबान टीम दूसरी पारी में सिर्फ 186 रन पर सिमट गई।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “लॉर्ड्स में रचा इतिहास। हमारी महिला क्रिकेट टीम को इस मशहूर मैदान पर टेस्ट मैच जीतने वाली पहली महिला टीम बनने पर बधाई। इंग्लैंड पर 270 रनों की शानदार जीत इस उपलब्धि को और भी खास बनाती है।
इस मौके पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा कि यह शानदार जीत क्रिकेटरों की पीढ़ियों को प्रेरित करेगी और भारत में महिला क्रिकेट के विकास को और मजबूत करेगी।
बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, “क्रिकेट के घर (लॉर्ड्स) में टेस्ट मैच जीतना किसी भी क्रिकेटर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। युवा भारतीय टीम के लिए, यह एक अहम पल है जो देश में महिला क्रिकेट की शानदार प्रगति और विश्व स्तर पर टीम के जज्बे, कौशल और चरित्र को दर्शाता है। यह जीत भारतीय क्रिकेट में एक और शानदार अध्याय जोड़ती है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टीम की बढ़ती अहमियत को मजबूत करती है। यह उन अनगिनत युवा लड़कियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है जो उच्चतम स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखती हैं।”
बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा, “यह भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास के सबसे बेहतरीन पलों में से एक है। लॉर्ड्स में टेस्ट मैच जीतना बेहद खास है और यह उस साहस, अनुशासन और विश्वास को दर्शाता है जो इस टीम ने पूरे मुकाबले के दौरान दिखाया है। उन्होंने इस मौके का भरपूर फायदा उठाया, जबरदस्त जज्बा दिखाया और पूरे देश को गौरवान्वित किया। मैं आईसीसी चेयरमैन जय शाह के बेहतरीन नेतृत्व की सराहना करना चाहता हूं, जिनकी महिला क्रिकेट के विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता ने ऐसी उपलब्धियों की नींव रखने में मदद की है। मैं बीसीसीआई की तरफ से हरमनप्रीत कौर, खिलाड़ियों, कोचों और सपोर्ट स्टाफ को इस अविस्मरणीय उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं।”
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, “यह ऐतिहासिक जीत महिला क्रिकेट में बरसों के लगातार निवेश और भरोसे का नतीजा है। बीसीसीआई हमारी महिला क्रिकेटरों की सफलता के लिए सही माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है, जिसके लिए मजबूत घरेलू ढांचे, बेहतर मौकों और ज्यादा पेशेवर सहयोग पर ध्यान दिया गया है। मैं हमारे पूर्व सचिव और मौजूदा आईसीसी चेयरमैन जय शाह के दूरदर्शी नेतृत्व की भी सराहना करना चाहूंगा। उनकी अहम पहलों- जैसे कि सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट वाली महिला क्रिकेटरों के लिए समान वेतन, घरेलू महिला क्रिकेटरों के लिए बढ़ी हुई मैच फीस और विमेंस प्रीमियर लीग की शुरुआत ने भारत में महिला क्रिकेट की तस्वीर बदल दी है। लॉर्ड्स में आज मिली कामयाबी उन्हीं कोशिशों और सबसे बढ़कर, हमारे खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के असाधारण समर्पण और कड़ी मेहनत का नतीजा है।”
–आईएएनएस
आरएसजी
