मुंबई, 13 जुलाई (केसरिया न्यूज़)। वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार के सत्र में बड़े उतार-चढ़ाव के बाद भारतीय शेयर बाजार सपाट बंद हुआ। घरेलू बाजार के प्रमुख बेंचमार्कों ने सत्र की शुरुआत बड़े गिरावट के साथ की थी, लेकिन आईटी शेयरों में तेजी के चलते निफ्टी50 और सेंसेक्स अपने दिन के निचले स्तर से ऊपर उठकर बंद हुए।
बाजार बंद होने के समय, सेंसेक्स 47.01 अंक यानी 0.06 प्रतिशत बढ़कर 77,616.40 पर था, तो वहीं निफ्टी50 0.02 प्रतिशत यानी 4.10 अंक बढ़कर 24,211 पर पहुंच गया।
सत्र के दौरान सेंसेक्स एक समय 700 से अधिक अंक गिर गया था, लेकिन बाद में उसने सारी गिरावट को दूर करते हुए 47 अंकों की बढ़त के साथ कारोबार समाप्त किया। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 मामूली बढ़त के साथ 4 अंक की बढ़त के साथ बाजार की समाप्ति की।
व्यापक बाजार में, निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप क्रमशः 0.01 प्रतिशत और 0.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं, सेक्टरवार देखें तो निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी मेटल में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी आईटी में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई और यह 3.59 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला सेक्टर रहा, इसके बाद निफ्टी मीडिया में 2 प्रतिशत और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 1 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। निफ्टी ऑटो में 0.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि निफ्टी प्राइवेट बैंक में 0.25 प्रतिशत और निफ्टी पीएसयू बैंक में 0.11 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
जबकि इसके विपरीत, निफ्टी एफएमसीजी सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला सेक्टर रहा, जिसमें 0.99 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद निफ्टी मेटल में 0.74 प्रतिशत, निफ्टी इंफ्रा में 0.53 प्रतिशत और निफ्टी रियल्टी में 0.25 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके साथ ही, निफ्टी फार्मा और निफ्टी एनर्जी भी लाल निशान में बंद हुए।
निफ्टी 50 इंडेक्स में टीसीएस में 5.51 प्रतिशत और एचसीएलटेक में 5.15 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई और ये दिन के टॉप गेनर्स रहे। इसके साथ ही टेक महिंद्रा, इंफोसिस, बजाज ऑटो और एनटीपीसी के शेयरों में 3.2 प्रतिशत से 2.2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। जबकि, सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों में ग्रासिम इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, नेस्ले इंडिया, इटरनल और इंडिगो के शेयर शामिल रहे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले बढ़ाने के बाद ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अपने हमले तेज कर दिए हैं। क्षेत्र में तनाव बढ़ने से महत्वपूर्ण जलडमरूमध्य से ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गईं, जिसके चलते ब्रेंट क्रूड की कीमतों में 3 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
एक बाजार विशेषज्ञ ने कहा कि सप्ताह के पहले कारोबारी दिन बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी ने गिरावट के साथ शुरुआत की, लेकिन 20-दिवसीय एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज (ईएमए) के पास इसे मजबूत सपोर्ट मिला। इसके बाद इंडेक्स में 200 अंकों से अधिक की शानदार रिकवरी देखने को मिली। दैनिक चार्ट पर निफ्टी ने एक बड़ा बुलिश कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया, जो निचले स्तरों पर मजबूत खरीदारी का संकेत देता है।
एक्सपर्ट के अनुसार, तकनीकी रूप से देखें तो निफ्टी अभी भी अपने 20-दिवसीय, 50-दिवसीय और 100-दिवसीय ईएमए के ऊपर कारोबार कर रहा है, जो यह दर्शाता है कि बाजार का व्यापक रुझान अभी भी सकारात्मक बना हुआ है। वहीं, दैनिक आरएसआई फिलहाल सीमित दायरे में बना हुआ है और बुलिश क्रॉसओवर देने के करीब पहुंच गया है, जिससे आने वाले दिनों में तेजी की संभावना मजबूत होती दिख रही है।
विशेषज्ञ ने आगे बताया कि आने वाले कारोबारी सत्रों में 24,330-24,350 का स्तर निफ्टी के लिए तत्काल प्रतिरोध (रेजिस्टेंस) के रूप में काम कर सकता है। यदि इंडेक्स निर्णायक रूप से 24,350 के ऊपर निकलता है, तो इसमें नई खरीदारी देखने को मिल सकती है और यह तेजी से 24,500 के स्तर तक पहुंच सकता है। वहीं, नीचे की ओर 24,130-24,100 का दायरा निफ्टी के लिए मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है।
–केसरिया न्यूज़
