ओरडोस, 12 जुलाई (आईएएनएस)। एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में रविवार को भारत के आनंद सिंह ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। आनंद ने पहली बार 80 मीटर का आंकड़ा पार किया है।
चीन के ओरडोस में अपने पहले अंतरराष्ट्रीय इवेंट में हिस्सा लेते हुए, 22 वर्षीय आनंद ने 80.57 मीटर का पर्सनल बेस्ट थ्रो किया। उन्होंने अपने पिछले बेस्ट थ्रो में 2.89 मीटर का सुधार करते हुए 80 मीटर का आंकड़ा पार किया।
उत्तर प्रदेश के इस एथलीट ने चैंपियनशिप में 77.68 मीटर के पर्सनल बेस्ट के साथ एंट्री की थी, जो उन्होंने 28 जून को भुवनेश्वर में नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हासिल किया था। वह थ्रो छठे और आखिरी राउंड में आया था। उस चैंपियनशिप में वह रोहित यादव, यशवीर सिंह और सचिन यादव के बाद चौथे स्थान पर रहे थे।
इस साल की शुरुआत में, आनंद ने पटियाला में इंडियन ओपन थ्रो कॉम्पिटिशन में भी प्रभावित किया था। वह 76.94 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। इससे पहले, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) ने 9 से 12 जुलाई तक ओरडोस में एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए 54 सदस्यीय नेशनल ट्रैक और फील्ड टीम को शॉर्टलिस्ट किया था।
भारतीय टीम:
पुरुष: विभास्कर कुमार, सैम वसंत एस (100 मीटर/4×100 मीटर रिले), हर्ष संतोष राउत, मोहम्मद शान पी, लौकिक अनंत मेल्गे, अनिकेत नलवाडे (4×100 मीटर रिले), अभय सिंह (200 मीटर), जे पांडियन (200 मीटर), आस्तिक प्रधान, सेतु मिश्रा (400 मीटर/4×400 मीटर रिले), अमन चौधरी, शरण एम, साहिल मलिक, तरनदीप सिंह (4×400 मीटर रिले), शकील, विनोद कुमार भनोट (800 मीटर), साकिर, रितिक देयोल (1500 मीटर), शिवाजी परशुराम (5,000 मीटर/10,000 मीटर), विनोद सिंह (5,000 मीटर), शैलेश कुशवाह (10,000 मीटर), शाहरुख खान (3,000 मीटर स्टीपलचेज), सुदीप (ऊंची कूद), मोहम्मद मुहासिन (ट्रिपल जंप), देव कुमार मीना, कुलदीप कुमार (पोल वॉल्ट), मोहम्मद अत्ता साजिद (लंबी कूद), भरतप्रीत सिंह (डिस्कस थ्रो), शिवम लोहाकरे, आनंद सिंह (भाला फेंक), हर्षित कुमार (हैमर थ्रो), अभिजीत भोसले (डेकाथलॉन), सचिन जी (रेस वॉक 21 किलोमीटर)।
महिलाएं: किरुथिका, अक्षया एस, वी सुदीक्षा, संजना, अबिनया राजराजन (4×100 मीटर रिले), हुइड्रोम भूमेश्वर (800 मीटर/1500 मीटर), वैष्णवी रावल (800 मीटर), श्रेया राजेश, सबिता टोप्पो (100 मीटर बाधा दौड़), प्राची देवकर (3000 मीटर स्टीपलचेज), नितिका अनुप अकारे (पोल वॉल्ट), शैली सिंह (लंबी कूद), विधि (शॉट पुट), अनुप्रिया वीएस (शॉट पुट), प्रिया (डिस्कस थ्रो), श्रावणी सचिन सांगले (400 मीटर बाधा दौड़/4×400 मीटर रिले), नोफिसा खातून, ताहुरा खातून, बूमिका नेहते, सैंड्रा मोल साबू, सी जेनिस स्टेला (4×400 मीटर रिले), अनामिका केए (हेप्टाथलॉन), आरती (रेस वॉक 21 किलोमीटर)।
–आईएएनएस
आरएसजी
