कोलकाता: गर्भवती महिला से मारपीट के आरोप में टीएमसी के पूर्व पार्षद अंजन दास गिरफ्तार


कोलकाता, 11 जुलाई (आईएएनएस)। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के वार्ड-129 के पूर्व तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पार्षद अंजन दास और उनके सहयोगी भोला सरकार को एक गर्भवती महिला के साथ कथित मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और प्रताड़ित करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता विजया घोष ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2020 में भाजपा समर्थक होने के कारण राजनीतिक दुश्मनी के चलते उनके परिवार पर कई बार हमला किया गया और उन्हें धमकियां दी गईं। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि उस दौरान गर्भवती होने के बावजूद अंजन दास ने उनके पेट में लात मारी थी। साथ ही वह उनके घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी देता था।

विजया घोष का आरोप है कि इस घटना के बाद पूरा परिवार गंभीर मानसिक तनाव से गुजरने लगा। उन्होंने दावा किया कि मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उनके ससुर ने आत्महत्या का भी प्रयास किया था।

राज्य में सरकार बदलने के बाद विजया घोष ने हाल ही में परनश्री थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और शनिवार को पूर्व पार्षद अंजन दास तथा उनके सहयोगी भोला सरकार को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद अंजन दास को मेडिकल जांच के लिए विद्यासागर अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान अस्पताल के बाहर स्थानीय लोगों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और “चोर-चोर” के नारे लगाए। हालांकि, परनश्री थाने की पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी और मिसाल कायम करने वाली सजा की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।

गौरतलब है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद कोलकाता नगर निगम के एक दर्जन से अधिक पूर्व टीएमसी पार्षदों को रंगदारी, आपराधिक धमकी, छेड़छाड़ और अन्य मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। सिर्फ कोलकाता ही नहीं, बल्कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में भी टीएमसी के कई पार्षदों और नेताओं के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की गई है।

–आईएएनएस

डीएससी


Related Articles

Latest News