पटना, 11 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी से मुलाकात की है। इस अवसर पर बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी मौजूद रहे।
भारतीय जनता पार्टी ने बांकीपुर में अभिषेक सिन्हा की जगह नीरज कुमार सिन्हा को नया उम्मीदवार घोषित किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर नीरज कुमार सिन्हा के साथ हुई मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “लोकसेवक आवास, पटना में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के साथ बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी।”
वहीं, बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आज लोक सेवक आवास में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी से 182–बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के साथ मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने नीरज कुमार सिन्हा को विजयश्री की अग्रिम शुभकामनाएं और हार्दिक बधाई दी।”
बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। इस कारण बांकीपुर में उपचुनाव कराया जा रहा है। मंगलवार को भाजपा ने अभिषेक कुमार सिन्हा को इस सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया था। उन्होंने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र भी दाखिल किया। हालांकि, शुक्रवार को अभिषेक कुमार सिन्हा ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए उपचुनाव लड़ने से इनकार कर दिया।
पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक ने कहा कि वह निजी और पारिवारिक कारणों से बांकीपुर उपचुनाव नहीं लड़ पाएंगे। उन्होंने कहा, “मैंने अभी-अभी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को एक पत्र सौंपा है। भारतीय जनता पार्टी ने मुझे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार के रूप में चुना था, जिसके लिए मैं पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभारी हूं, लेकिन पारिवारिक कारणों से मैं यह चुनाव नहीं लड़ पा रहा हूं। मैं आगे भी पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में निष्ठापूर्वक सेवा करता रहूंगा।”
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 जुलाई निर्धारित है।
–आईएएनएस
डीसीएच/
