'स्लो मोशन का किंग' : अभिनेता राघव जुयाल 10 जुलाई को को अपना 35वां जन्मदिन मनाएंगे, आसान नहीं रहा है सफर


मुंबई, 9 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता राघव जुयाल शुक्रवार को अपना 35वां जन्मदिन मनाएंगे। उनका जन्म उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 10 जुलाई 1991 को हुआ था। वे भारतीय नृत्य और मनोरंजन जगत का सितारा बन चुके हैं।

राघव का जन्म एक गरहवाल ब्राह्मण परिवार में हुआ। उनके पिता दीपक जुयाल एक वकील हैं जबकि मां अलका बख्शी जुयाल गृहिणी हैं। देहरादून में पले-बढ़े राघव ने अपनी स्कूली शिक्षा दून इंटरनेशनल स्कूल से पूरी की और बाद में दाव (पीजी) कॉलेज से बी.कॉम की डिग्री हासिल की। बचपन से ही उनमें नृत्य का जुनून था लेकिन उन्होंने कभी कोई फॉर्मल डांस स्कूल नहीं जॉइन किया। यूट्यूब वीडियो देखकर और अपने कमरे में घंटों प्रैक्टिस करके उन्होंने खुद को तैयार किया।

स्कूल के दिनों से ही वे नृत्य प्रतियोगिताओं में पुरस्कार जीतने लगे थे लेकिन असली संघर्ष तब शुरू हुआ जब उन्होंने मुंबई का रुख किया। ‘डांस इंडिया डांस’ सीजन 3 में उन्होंने ‘क्रॉकरॉक्ज’ नाम से भाग लिया और अपने अनोखे स्लो मोशन डांस मूव्स से सबका ध्यान खींचा। हालांकि टॉप 18 में जगह नहीं बना पाए लेकिन जज मिथुन चक्रवर्ती के फैसले ने उन्हें दूसरा मौका दिया, जो उनके जीवन का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।

राघव को ‘किंग ऑफ स्लो मोशन’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने स्लो मोशन वॉक को पूरी तरह नया रूप दिया। ‘डांस इंडिया डांस लिटिल मास्टर्स 2’ में कप्तान के रूप में और ‘डांस के सुपरकिड्स’ में अपनी टीम को जिताकर उन्होंने अपनी कोरियोग्राफी स्किल्स भी साबित कीं। टीवी से फिल्मों की ओर रुख करते हुए उन्होंने ‘सोनाली केबल’ से डेब्यू किया, ‘एबीसीडी 2’ में नजर आए और 2024 की फिल्म ‘किल’ में उनके एक्शन अवतार ने सबको चौंका दिया। 2026 में रिलीज होने वाली फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ से वे फिर चर्चा में हैं।

राघव की सफलता की कहानी आसान नहीं रही। उनके छोटे भाई यशस्वी जुयाल भी परिवार का हिस्सा हैं। आज राघव जुयाल न सिर्फ एक सेलिब्रिटी हैं बल्कि युवा नर्तकों के लिए आइकॉन बन चुके हैं। इन दिनों वे अपनी आने वाली फिल्म को लेकर चर्चाओं में हैं। हाल ही में उनकी फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ का फर्स्ट लुक जारी हुआ है। इस फिल्म के डायरेक्टर विवेक बी अग्रवाल हैं। यह फिल्म 30 जुलाई को रिलीज होगी।

–आईएएनएस

एसडी/पीएम


Related Articles

Latest News