विंबलडन: सबसे लंबे क्वार्टर फाइनल मैच को जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचे जोकोविच, सिनर से होगी भिड़ंत


लंदन, 8 जुलाई (आईएएनएस)। नोवाक जोकोविच ने विंबलडन में अब तक के सबसे लंबे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। वह विंबलडन में लगातार आठवीं बार सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।

पांच घंटे और 15 मिनट तक चले मुकाबले में जोकोविच ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे को 7-6(10), 3-6, 6-3, 6-7(4), 7-6(10-4) से हराया। जोकोविच अपने करियर में 55वीं बार ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। इसके साथ ही जोकोविच ने विंबलडन के सेमीफाइनल में रिकॉर्ड 15वीं बार जगह बनाई है।

जोकोविच ने अपने पहले विंबलडन सेमीफाइनल के 19 साल बाद एक बार फिर अंतिम चार में जगह बनाई है। 39 साल और 51 दिन की उम्र में वह ओपन एरा में विंबलडन सेमीफाइनल में पहुंचने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे आगे सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के केन रोजवेल हैं, जिन्होंने 1974 में 39 साल 246 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।

24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन जोकोविच ने इस मुकाबले में अनुभव और धैर्य का शानदार उदाहरण पेश किया। मैच के दौरान उन्हें पिंडली की चोट के कारण मेडिकल टाइमआउट भी लेना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और आखिरी सेट में जबरदस्त वापसी करते हुए जीत हासिल की।

क्वार्टर फाइनल में जोकोविच ने ऑगर-अलियासिमे के बैकहैंड को लगातार निशाना बनाया और अपनी रणनीति के साथ आगे बढ़े। हालांकि, कनाडा के खिलाड़ी अलियासिमे ने उन्हें कड़ी चुनौती दी और मुकाबले को पांचवें सेट के टाई-ब्रेकर तक पहुंचाया। आखिर में जोकोविच अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए मैच को अपने नाम करने में सफल रहे।

इस जीत के साथ जोकोविच ने विंबलडन में शीर्ष-10 खिलाड़ियों के खिलाफ लगातार तीन हार का सिलसिला भी खत्म किया। इससे पहले वह 2023 और 2024 के फाइनल में कार्लोस अल्काराज से और पिछले साल सेमीफाइनल में यानिक सिनर से हार गए थे। अब सेमीफाइनल में जोकोविच का सामना इटली के यानिक सिनर से होगा। सिनर ने पिछले साल विंबलडन के सेमीफाइनल में जोकोविच को हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई थी।

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Related Articles

Latest News