मनामा, 6 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और बहरीन के बीच मजबूत होते रिश्तों के बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बहरीन राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा और प्रधानमंत्री सलमान बिन हमद अल खलीफा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के सहयोग को और आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
भारत के विदेश मंत्री (ईएएम) एस. जयशंकर ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”बहरीन के राजा हमद बिन ईसा अल खलीफा से मुलाकात करके सम्मानित महसूस कर रहा हूं। साथ ही क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री सलमान बिन हमद अल खलीफा से भी मुलाकात करने का अवसर मिला। भारत-बहरीन संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए बहरीन के राजा के लगातार मार्गदर्शन की हम दिल से सराहना करते हैं। बहरीन में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए भी उनका धन्यवाद किया।”
जयशंकर ने बताया कि इस दौरान भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इससे पहले विदेश मंत्री (ईएएम) एस. जयशंकर ने बहरीन के मनामा में अपने समकक्ष अब्दुल्लतीफ बिन राशिद अल जयानी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्र में चल रहे हालात पर चर्चा की।
बैठक के दौरान विदेश मंत्री जयशंकर ने बहरीन नेतृत्व का भारतीय समुदाय की भलाई सुनिश्चित करने के लिए आभार जताया।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आज मनामा में बहरीन के विदेश मंत्री डॉ. अब्दुल्लतीफ बिन राशिद अल जयानी से मिलकर खुशी हुई। भारतीय समुदाय की भलाई सुनिश्चित करने के लिए गहरा आभार व्यक्त किया। हमने अपने द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की और क्षेत्र में चल रहे हालात पर विचारों का आदान-प्रदान किया।”
जयशंकर अपनी कतर की यात्रा पूरी करने के बाद बहरीन पहुंचे थे। दोहा दौरे के दौरान उन्होंने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से मुलाकात की और कतर में भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की।
यह उनके छह देशों के दौरे का दूसरा पड़ाव है। बहरीन में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद वे कुवैत, ओमान, अमेरिका और ब्रुसेल्स की यात्रा करेंगे।
–आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
