लंदन, 6 जुलाई (आईएएनएस)। दुनिया के नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी जैनिक सिनर ने विंबलडन 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान के क्वालिफायर शिंटारो मोचिजुकी को सीधे सेटों में 6-3, 7-6(0), 6-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। यह लगातार पांचवां मौका है जब सिनर ने विंबलडन के अंतिम आठ का टिकट हासिल किया है।
इस जीत के साथ सिनर ओपन एरा में ग्रास कोर्ट मेजर के पांचवें क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले सिर्फ 11वें खिलाड़ी हैं। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाले सक्रिय खिलाड़ियों में केवल सात बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच के बाद दूसरे खिलाड़ी हैं।
मैच की शुरुआत में जापान के शिंटारो मोचिज़ुकी ने शानदार खेल दिखाया और कुछ मौकों पर सिनर को दबाव में भी डाला। उन्होंने पहले ब्रेक प्वाइंट हासिल किया, लेकिन सिनर ने तुरंत वापसी कर ब्रेक बचा लिया। हालांकि, सिनर ने जल्द ही मोचिजुकी की सर्विस तोड़कर पहले सेट को 6-3 से अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट में मुकाबला काफी रोमांचक रहा। मोचिजुकी ने अपनी सर्विस पर बेहतर नियंत्रण दिखाया और शुरुआती गेम में कोई पॉइंट नहीं गंवाया। उन्होंने लंबे रैलियों में भी सिनर को चुनौती दी। सात-ड्यूस तक गेम पहुंचा और सिनर को ब्रेक के मौके भी मिले, लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सके। 4-4 की स्थिति तक मोचिजुकी ने मैच को बराबरी पर बनाए रखा और सिनर को कड़ी टक्कर दी। इस दौरान सिनर थोड़े निराश भी नजर आए, क्योंकि लंबे रैलियों में उन्हें कम सफलता मिल रही थी। मोचिजुकी ने अपने बैकहैंड और डिफेंस से कई शानदार अंक अपने नाम किए।
सिनर थोड़ी देर के लिए कोर्ट से बाहर गए और वापसी करने के बाद उनके खेल में अधिक आक्रामकता नजर आई। दूसरे सेट के टाई-ब्रेक में मोचिजुकी ने गलतियां कीं, जिसका फायदा सिनर ने उठाया। उन्होंने टाई-ब्रेक 7-0 से जीतकर मैच पर पूरी पकड़ बना ली। इसके बाद तीसरे सेट में भी उन्होंने लगातार दबाव बनाए रखा और 6-3 से सेट को जीतने के साथ ही मुकाबले को अपने नाम कर लिया।
मैच के बाद सिनर ने कहा, “यह पहली बार था जब हम एक-दूसरे के खिलाफ खेले। मुझे ठीक से नहीं पता था कि क्या उम्मीद करनी है, लेकिन मैंने कुछ परिस्थितियों को उनसे थोड़ा बेहतर तरीके से हैंडल करने की कोशिश की, जो मैंने किया भी। हालांकि, वह एक जबरदस्त खिलाड़ी है। क्वालिफायर से आकर इतने लंबे समय तक इतने ऊंचे स्तर पर खेलना, यह कमाल की बात है। मैं उनके लिए सिर्फ बेस्ट की दुआ करता हूं। उन्हें खुद पर गर्व होना चाहिए।”
सिनर ने मोचिजुकी की तारीफ करते हुए कहा, “उन्हें खेलना बहुत मुश्किल था, खासकर इस सरफेस पर। मोचिजुकी को उनका गेम बहुत अच्छा सूट करता है। मैंने थोड़ा आक्रामक रहने की कोशिश की। दूसरे सेट में कुछ मौके मिले, लेकिन मैं उनका इस्तेमाल नहीं कर सका। इस मुकाबले में अपने प्रदर्शन से काफी खुश हूं। हर दिन थोड़ा और बेहतर करने की कोशिश कर रहा हूं।”
–आईएएनएस
एसएम/पीएम
